नई दिल्ली: देश ही नहीं दुनिया के सबसे सफल क्रिकेट कप्तानों में नाम दर्ज करा चुके महेंद्र सिंह धोनी के रिटायरमेंट पर प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी ने चिट्ठी लिखी है। पीएम मोदी ने एमएस धोनी को लिखते हैं लेटर में लिखा है, "अपनी ट्रेडमार्क बेबाक शैली में आपने एक वीडियो साझा किया, जो पूरे देश के लिए एक भावुक चर्चा बनने के लिए पर्याप्त था। 130 करोड़ भारतीय निराश थे, लेकिन उन सभी के लिए भी जो कि आपने भारतीय क्रिकेट के लिए किया है"उसके लिए सभी शुक्रगुजार भी हैं।
इस चिट्ठी में पीएम ने धोनी के भारतीय क्रिकेट में दिए योगदानों को याद करते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बताया है। पीएम ने को न्यू इंडिया का एक ऐसा उदाहरण करार दिया है, जहां परिवार किसी युवा का भाग्य तय नहीं करता, बल्कि युवा खुद अपना भाग्य बनाता है।उन्होंने आगे लिखा कि मुश्किल हालात में आप पर निर्भरता और मैच खत्म करने का आपका अंदाज, खास तौर पर 2011 वर्ल्ड कप फाइनल, पीढ़ियों तक लोगों को जेहन में रहेगा।
पीएम ने लिखा कि आपके करियर को आंकड़ों के जरिए भी देखा जा सकता है। आप भारत के सबसे सफल कप्तानों में शुमार हैं। भारत को विश्व की नंबर एक टीम बनाने में आपकी अहम भूमिका रही है। क्रिकेट के इतिहास में आपका नाम दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों, कप्तानों में और सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर्स में गिना जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मायने नहीं रखता कि आपने कौन-सी हेयरस्टाइल रखी थी। मगर जीत हो या हार, आपका दिमाग हमेशा शांत रहा। यह देश के युवाओं के लिए सबसे बड़ी सीख है।
पीएम ने चिट्ठी में लिखा कि आपको सिर्फ एक खिलाड़ी के रूप में देखना अन्याय होगा। एक छोटे शहर से निकलकर आप राष्ट्रीय पटल पर छा गए, आपने अपने लिए नाम बनाया और सबसे महत्वपूर्ण कि देश को गौरवान्वित किया। सशस्त्र बलों से आपके जुड़ाव का मैं खास तौर पर जिक्र करना चाहूंगा। आप सेना के लोगों के साथ जुड़कर बेहद खुश थे। पीएम ने लिखा कि हम कहां से आए हैं यह बहुत ज्यादा मायने नहीं रखता, जब तक हमें यह मालूम हो कि हम किस दिशा में जा रहे हैं। आपने यही भावना दिखाई और कई युवाओं को इससे प्रेरित किया।
पीएम ने लिखा कि देश के लिए आपकी प्रतिबद्धताएं हमेशा याद रहेंगी। मुझे उम्मीद है कि साक्षी और जीवा अब आपके साथ अधिक समय बिता पाएंगी। मैं आप सभी को शुभकामनाएं देता हूं, क्योंकि परिवार के त्याग और सहयोग के बिना कुछ भी संभव नहीं होता। पीएम ने लिखा कि देश के युवा आपसे सीखेंगे कि पेशेवर और निजी जिंदगी के बीच कैसे तालमेल बिठाया जाता है। मैं आपको भविष्य के लिए शुभकामाएं देता हूं।