चंडीगढ़: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव (Punjab vidhan sabha chunav 2022 ) को लेकर सभी पार्टियों ने कमर कस ली है| पिछले साल किसानों के मुद्दे पर भाजपा का साथ छोडने वाली पार्टी शिरोमणि अकाली दल ने मायावती की पार्टी बसपा से गंठबंधन करने का एलान किया है| भाजपा से गठबंधन तोड़ चुकी शिअद और बहुजन समाज पार्टी के गठबंधन पर चंडीगढ़ पहुंचे बसपा राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद सतीश चंद्र मिश्रा अंतिम मुहर लगा चुके हैं। शनिवार को शिअद मुख्यालय में इस बाबत कोर कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक के बाद अकाली नेता सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल और बसपा ने गठबंधन किया है| अकाली दल प्रधान सुखबीर बादल ने प्रेस कांफ्रेंस में शिअद-बसपा गठबंधन की घोषणा की और इसे पंजाब की राजनीति का नया दिन बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब की सियासत में यह गठबंधन बड़ा मोड़ साबित होगा। 2022 के बाद भी जितने चुनाव होंगे शिअद, बसपा के साथ लड़ेगी।
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष के सुखबीर सिंह बादल ने कहा,''शिरोमणि अकाली दल और बहुजन समाज पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव 2022 और उसके बाद के चुनाव साथ लड़ेंगे| यह पंजाब की राजनीति में एक नया दिन है| बादल ने कहा,''117 सीटों में से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) 20 सीटों पर और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) शेष 97 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
BSP सांसद सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा,''यह एक ऐतिहासिक दिन है क्योंकि शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के साथ गठबंधन किया गया है, जो पंजाब की सबसे बड़ी पार्टी है। 1996 में बसपा और शिअद दोनों ने संयुक्त रूप से लोकसभा चुनाव लड़ा और 13 में से 11 सीटों पर जीत हासिल की। इस बार नहीं टूटेगा गठबंधन| मिश्रा ने कहा,''हम कांग्रेस के नेतृत्व में भ्रष्टाचार और घोटालों को खत्म करने के लिए काम करेंगे। वर्तमान सरकार दलित और किसान विरोधी है, जबकि हम सबके कल्याण और विकास के लिए काम करेंगे
दरअसल,''दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर पेच फंसा हुआ था। शिअद, बसपा को 117 में से 18 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कर रहा था, जबकि बसपा 37 से 40 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग कर रही थी। कई दौर की बैठकों के बाद अब दोनों दलों में सीटों को लेकर सहमति बन गई है। 117 विधानसभा सीटों में बसपा 20 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। दोआबा की 8, माझा की 5 और मालवा की सभी सीटें बसपा के खाते में आई हैं। होशियारपुर, टांडा, दसूहा, चमकौर साहिब, बस्सी पठाना, महिलकलां, नवांशहर, लुधियाना नार्थ और सुजानपुर भी बसपा के खाते में आई।
चंडीगढ़ में शिरोमणि अकाली दल के विधायक एन.के. शर्मा ने कहा,''आज एक बार फिर शिरोमणि अकाली दल और बसपा साथ आ रहे हैं और हम 2022 में पंजाब चुनाव में जीत हासिल करेंगे|