नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में तीन नेताओं ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को ज्ञापन सौंपा और कृषि कानूनों का वापस लेने की मांग की|कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में अधीर रंजन चौधरी और गुलाम नबी आज़ाद ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की और कृषि कानूनों के खिलाफ राष्ट्रपति को 2 करोड़ हस्ताक्षर का ज्ञापन ज्ञापन सौंपा|राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार व पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा।
कृषि कानूनों पर चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में मार्च निकालने और राष्ट्रपति से मुलाकात करने की कांग्रेस की कोशिशों के दौरान गुरुवार को प्रियंका गांधी सहित कई पार्टी नेताओं को हिरासत में ले लिया गया| लगभग 50-60 कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया गया जो पार्टी नेताओं राहुल गांधी, अधीर रंजन चौधरी और गुलाम नबी आजाद के साथ राष्ट्रपति भवन तक मार्च करने के लिए राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपने के लिए उनसे मिलने के लिए गए थे।
राष्ट्रपति भवन तक मार्च के दौरान पार्टी नेताओं को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लेने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि,' भारत में लोकतंत्र नहीं है। यह आपकी कल्पना में हो सकता है, लेकिन वास्तविकता में नहीं| राहुल गांधी ने कहा कि,'मैं पीएम को बताना चाहता हूं कि ये किसान तब तक घर वापस नहीं जाने वाले हैं, जब तक इन कृषि कानूनों को रद्द नहीं किया जाता। सरकार को संसद का संयुक्त सत्र बुलाना चाहिए और इन कानूनों को वापस लेना चाहिए। विपक्षी दल किसानों और मजदूरों के साथ खड़े हैं
राहुल गांधी ने कहा कि,पीएम मोदी क्रोनी कैपिटलिस्ट के लिए पैसा बना रहे हैं। जो भी उनके खिलाफ खड़े होने की कोशिश करेगा उसे आतंकवादी कहा जाएगा - चाहे वह किसान, मजदूर और यहां तक कि मोहन भागवत हों| राहुल गांधी ने कहा कि आपके पास एक अक्षम शख्स है, जो कुछ भी नहीं समझता और सिस्टम को उन तीन-चार लोगों के पक्ष में चला रहा है, जो सब समझते हैं।
राष्ट्रपति से मिलने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि,''राष्ट्रपति से हमने कहा कि ये जो कानून बनाए गए हैं ये किसान विरोधी हैं और इनसे किसानों,मज़दूरों का नुकसान होने वाला है। मैं प्रधानमंत्री से कहना चाहता हूं कि किसान हटेगा नहीं, प्रधानमंत्री को ये नहीं सोचना चाहिए कि किसान, मज़दूर घर चले जाएंगे|
राहुल गांधी ने कहा कि,''मैं एडवांस में चीज बोल देता हूं, मैंने कोरोना के बारे में बोला था कि नुकसान होने जा रहा है। उस समय किसी ने बात नहीं सुनी। आज मैं फिर से बोल रहा हूं किसान, मज़दूर के सामने कोई भी शक्ति खड़ी नहीं हो सकती| राहुल गांधी ने कहा कि,'चीन ने भारत की हज़ारों किलोमीटर जमीन छीन ली है, PM उनके बारे में क्यों नहीं कहते? एक तरफ आप सिस्टम को तोड़ रहे हो, किसान,मज़दूर को मार रहे हो और बाहर से ताकतें देख रही हैं, कह रही हैं कि नरेंद्र मोदी हिन्दुस्तान को कमजोर कर रहा है, हमारे लिए अच्छे अवसर बनने जा रहे हैं|
राहुल ने कहा, चीन अभी भी भारत की सीमा पर है। चीन ने हजारों किलोमीटर की जमीन पर कब्जा कर लिया है। इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी क्यों नहीं बोलते हैं, वो चुप क्यों हैं?