नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें राजघाट पर श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए हिन्दुत्व का एजेंडा चलाने वालों को निशाने पर लिया है| उन्होंने कहा है कि एक हिन्दुत्ववादी ने ही गांधी जी को गोली मारी थी| राहुल गांधी ने ट्विटर पर लिखा है कि सभी हिन्दुत्ववादियों को लगता है कि अब गांधी जिंदा नहीं हैं लेकिन वो आज भी जिंदा हैं|
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा,''एक हिंदुत्ववादी ने गाँधी जी को गोली मारी थी। सब हिंदुत्ववादियों को लगता है कि गाँधी जी नहीं रहे। जहाँ सत्य है, वहाँ आज भी बापू ज़िंदा हैं! Gandhi Forever
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी ने कहा,''अहिंसा कायरता की आड़ नहीं है, बल्कि यह वीर व्यक्ति का सर्वोच्च गुण है। ~ महात्मा गांधी
सचिन पायलट ने ट्वीट किया,''सत्य एवं अहिंसा के बल पर देश की आजादी का मार्ग प्रशस्त करने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के शहीद दिवस पर मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। महात्मा गांधी जी का व्यक्तित्व एवं जीवन-दर्शन हम सभी के लिए अनुकरणीय हैं।
छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा,'' राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि ‘शहीद दिवस’ पर कोटि-कोटि नमन। देश पर प्राण न्यौछावर करने वाले वीर बलिदानियों का ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता। गांधी जी ने पूरी दुनिया को दिखाया कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर डटे रहकर किस तरह बड़ा लक्ष्य हासिल किया जाता है। बघेल ने कहा,''बापू ने भारतीय समाज की बुनियाद को समझा और अंतिम व्यक्ति तक चिंता की। राज्य सरकार भी गांधी जी के दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए काम कर रही है। सशक्त इरादों के साथ आगे बढ़ने के लिए बापू के विचार मूल्य हमें सदा प्रेरित करते रहेंगे।
बता दें कि 30 जनवरी, 1948 को शाम 5 बजकर 17 मिनट पर नाथूराम गोडसे ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब वो नई दिल्ली के बिड़ला हाउस में प्रार्थना के लिए जा रहे थे| उसी दौरान नाथूराम गोडसे ने वहां पहुंचकर पहले बापू के पैर छुए फिर उनके साथ खड़ी महिला को हटाया और अपनी सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल से एक बाद के एक तीन गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी|