नई दिल्ली: कांग्रेस (Congress) नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने आज बुधवार को राजस्थान में ठेके पर काम करने वाले श्रमिकों के लिए राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली राजस्थान सरकार की योजना की सराहना करते हुए कहा, ''यह योजना गिग अर्थव्यवस्था के श्रमिकों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करेगी और विश्वसनीय रोजगार का आधार भी बनेगी।''
बता दें कि राजस्थान की विधानसभा ने सोमवार को 'प्लेटफॉर्म आधारित गिग वर्कर्स (पंजीकरण और कल्याण) विधेयक 2023' पारित कर दिया है। इसी के साथ राजस्थान देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जहां गिग वर्कर्स को कानून के दायरे में लाने के लिए विधेयक लाया गया है और ये गिग श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा की गारंटी देता है।
राहुल गांधी ने कहा ,''राजस्थान के 3 लाख से ज़्यादा गिग वर्कर्स को उनका अधिकार और आत्मसम्मान दिलाने के लिए राज्य की कांग्रेस सरकार ने नया कानून लागू किया है, जो कि भारत का पहला ऐसा कानून है।
राहुल गांधी ने कहा ,''ये कानून गिग इकॉनमी के श्रमिकों को आर्थिक सुरक्षा देगा, करोड़ों युवाओं के लिए भरोसेमंद रोज़गार का आधार बनेगा।
उन्होंने कहा,''भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मैं कई गिग वर्कर्स से मिला, कुछ टैक्सी चलाने वाले, तो कुछ डिलीवरी करने वाले - काम में भविष्य अनिश्चित, और सड़कों पर हमेशा रहने के कारण जोखिम भरा भी। एक बात उन सभी ने कही, मेहनत तो वो दिन रात करते हैं मगर उनके पास कोई आर्थिक सुरक्षा नहीं है, न सरकार उनकी बात सुनती है, और न उनके लिए कोई पक्की योजना लाती है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा ,''कर्नाटक में भी इस पर चर्चा हो रही है, और हाल ही में वहां के बजट में उनके लिए 4 लाख तक की दुघर्टना बीमा की घोषणा की गई। उन्होंने कहा,''हम ऐसी नीतियां बना रहे हैं जो उनके साथ, उन्हें काम देने वालों की भी सहायता करे।
कांग्रेस नेता ने कहा ,'हम भारत के गरीबों और मेहनतकश लोगों के साथ हमेशा खड़े हैं, ताकि उन्हें उनकी तपस्या का फल मिले। हम उनसे जो भी वादा करते हैं, उसे पूरा कर के दिखा देते हैं। उन्होंने कहा,''जब हर मेहनती देशवासी को आर्थिक मज़बूती और पूरा अधिकार मिलेगा, तब जुड़ेगा भारत!
राहुल गांधी के इस बयान पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा ,'श्री राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली गई ऐतिहासिक 'भारत जोड़ो यात्रा' के उद्देश्यों में से एक सुरक्षित रोजगार को पूर्ण करने के उद्देश्य के अंतर्गत गिग वर्कर्स के श्रम के सम्मान व सुरक्षा हेतु राजस्थान प्लेटफॉर्म आधारित गिग कर्मकार विधेयक 2023 पारित करने वाला प्रथम राज्य बना। अशोक गहलोत ने कहा ,असंगठित क्षेत्र को मजबूती देने के साथ आर्थिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले गिग वर्कर्स की आर्थिक सुरक्षा प्रदेश कांग्रेस सरकारों की प्राथमिकता है। श्री राहुल गांधी ने राजस्थान और कर्नाटक के गिग वर्कर्स से जो वादा किया था उसको हमारी सरकारों ने निभाया है।