नई दिल्ली : कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का अकाउंट अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया गया है। कांग्रेस की ओर से यह दावा ऐसे समय पर किया गया है जब एक दिन पहले ही ट्विटर ने राहुल की ओर से पोस्ट की गई उस तस्वीर को हटा दिया, जिससे एक रेप पीड़िता की पहचान उजागर हो रही थी।
कांग्रेस पार्टी के ट्विटर हैंडल पर जानकारी देते हुए लिखा गया, ''राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया गया है और इसको बहाल करने के लिए प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है। तब तक वह आपसे दूसरे सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म के जरिए जुड़े रहेंगे और लोगों की आवाज उठाते रहेंगे और उनके लिए लड़ते रहेंगे।
कांग्रेस के दावे पर जवाब देते हुए ट्विटर ने कहा कि अकाउंट को सस्पेंड नहीं किया गया है और इसकी सेवा जारी है। ट्विटर की ओर से कहा गया कि जब किसी अकाउंट को सस्पेंड किया जाता है तो इसे ग्लोबल व्यू से हटा दिया जाता है। इसके बाद कांग्रेस पार्टी ने अपने पुराने ट्वीट को टैग करते हुए लिखा कि अकाउंट को अस्थायी रूप से लॉक किया गया है।
ट्विटर अकाउंट को लेकर हुई इस कथित कार्रवाई के कारण ही शनिवार को राहुल गांधी अपने ट्विटर हैंडल से कोई ट्वीट नहीं कर सके। उन्होंने शनिवार को दो ओलंपिक पदक विजेताओं नीरज चोपड़ा और बजरंग पूनिया को इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर बधाई दी।