नई दिल्ली: राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह का निधन हो गया है। 20 अप्रैल को उनकी कोरोना वायरस टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी|गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनका अंतिम संस्कार गुरुग्राम में होगा या बागपत में, इस बारे में राकेश टिकैत और सरकार के बीच वार्ता चल रही है।
रालोद के मुखिया और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह 82 वर्ष के थे। जानकारी के अनुसार कोरोना के कारण उनके फेफड़ों में संक्रमण बढ़ गया था जिससे उनकी हालत बेहद नाजुक हो गई थी और इसी के चलते उनका निधन हो गया। पार्टी के नेता और उनके बेटे जयंत चौधरी ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी|
जयंत चौधरी ने अपने ट्वीट में लिखा, चौधरी अजीत सिंह 20 अप्रैल को कोरोना संक्रमित पाए गए थे और आज प्रातः 6 मई को उन्होंने अंतिम सांस ली। असीम दुख की घड़ी है। अंतिम समय तक भी चौधरी साहब संघर्ष करते रहे।
जीवन पथ पर चलते हुए चौधरी साहब को बहुत लोगों का साथ मिला। ये रिश्ते चौधरी साहब के लिए हमेशा प्रिय थे। चौधरी साहब ने आप सबको अपना परिवार माना और आप ही के लिए हमेशा चिंता की। आज इस दुख व महामारी के काल में हमारी आप से प्रार्थना है कि अपना पूरा ध्यान रखें, संभव हो तो अपने घर पर रहें और सावधानी जरूर बरतें। इससे देश की सेवा कर रहे डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मचारियों को भी मदद मिलेगी और ये ही चौधरी साहब को आपकी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। हम इस महामारी से जूझ रहे सभी परिवारों के प्रति अपनी भावपूर्ण संवेदना करते हैं।
आरएलडी के मुखिया चौधरी अजित सिंह बीते 20 अप्रैल को कोरोना संक्रमित हुए थे। इसके बाद से ही धीरे-धीरे उनके फेफड़ों में संक्रमण बढ़ता चला गया। मंगलवार(4 मई) को जब उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई तो उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह बीते दो दिन से वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। गुरुवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने रालोद अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह के निधन पर दुख जताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी चौधरी अजित सिंह को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने ट्वीट किया, 'पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे हमेशा किसानों के हित में समर्पित रहे। उन्होंने केंद्र में कई विभागों की जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति!'
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने ट्वीट किया,'' राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख और पूर्व केन्द्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह के निधन की सूचना से दुख हुआ। उन्होंने किसानों के हित में हमेशा आवाज उठायी। जनप्रतिनिधि व मंत्री के रूप में उन्होंने देश की राजनीति पर अलग छाप छोड़ी। उनके परिवार और शुभचिंतकों के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं|
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रालोद अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह के निधन पर दुख जताया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया,''राष्ट्रीय लोक दल प्रमुख अजित सिंह जी के असमय निधन का समाचार दुखद है। उनके परिवार व प्रियजनों को मेरी संवेदनाएँ।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने लिखा',''लोकप्रिय नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री व किसान हितैषी नेता श्री चौधरी अजीत सिंह जी के निधन की दुखद खबर मिली। चौधरी साहब के निधन से समाज एवं राजनीति को अपूर्णीय क्षति हुई है। जयंत चौधरी व आरएलडी साथियों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर चौधरी साहब को श्रीचरणों में स्थान दें।