नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को प्राइम मिनिस्टर्स सिटिजन असिस्टेंस एंड रिलीफ इन इमर्जेंसी सिचुएशंस यानी पीएम केयर्स फंड (Prime Minister's Citizen Assistance and Relief in Emergency Situations Fund) के खिलाफ दायर याचिका खारिज कर दी| कोर्ट ने कहा कि पीएम केयर्स फंड को एनडीआरएफ के फंड में ट्रांसफर नहीं किया जा सकता है|'पीएम केयर्स फंड पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस पर हमलावर हो गई|
प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आज सुप्रीम कोर्ट का फैसला आया है, जिसमें पीएम केयर फंड को NDRF में ट्रांसफर करने के लिए एक याचिका दायर की गई थी। आज कोर्ट ने लंबी बहस के बाद अपना निर्णय सुनाया और इस याचिका को खारिज कर दिया| केंद्रीय मंत्री प्रसाद ने कहा कि,''हमारी सरकार के 6 साल पूरे हो गए हैं और हम बहुत गर्व के साथ कहना चाहते हैं कि हमारी सरकार ईमानदारी से काम करती है। अब तक तथ्यों के साथ भ्रष्टाचार का एक भी आरोप लगाने की किसी की हिम्मत नहीं हुई है
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि,''पीएम केयर्स फंड से अब तक 3,100 करोड़ रुपये कोरोना के खिलाफ लड़ाई में दिए गए हैं, जिसमें से 2000 करोड़ रुपये वेंटिलेटर्स के लिए दिए गए हैं। 50,000 वेंटिलेटर्स पीएम केयर्स फंड के माध्यम से उपलब्ध कराए गए हैं। जो आजादी के बाद से आज तक सर्वाधिक हैं|पीएम केयर्स फंड से 1000 करोड़ रुपये राज्यों को प्रवासी मजदूरों की व्यवस्था के लिए दिए गए। 100 करोड़ रुपये कोरोना की वैक्सीन के अनुसंधान के लिए दिए गए है|
केंद्रीय मंत्री पीएम ने कहा कि,केयर्स फंड रजिस्टर्ड पब्लिक ट्रस्ट है, जिसके प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी अध्यक्ष हैं, ये COVID-19 जैसी आपातकाल स्थितियों के लिए बनाया गया है| राजीव गांधी फाउंडेशन एक फैमिली फाउंडेशन था। आपको मालूम है कि उसे चीन से भी मदद मिली थी। उस फाउंडेशन की रिपोर्ट में भारत के बाजार को चीनी उत्पाद के लिए खोलने की बात भी कही गई थी|
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि,'मैं बहुत गर्व के साथ कहना चाहता हूं कि अभी तक एक भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाने की किसी की भी तथ्यों के साथ हिम्मत नहीं हुई। नरेन्द्र मोदी की सरकार ईमानदारी के साथ काम करती है इसलिए जनता का आशीर्वाद मिलता है और वही ईमानदारी पीएम केयर्स फंड में भी दिखाई पड़ती है| भारत ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में कोरोना से जंग लड़ी है। आज भारत का रिकवरी रेट 70% से ज्यादा है। मृत्यु दर भी वैश्विक मृत्यु दर की तुलना में काफी कम है। उन्होंने कहा,राहुल गांधी ने पहले दिन से कोरोना के खिलाफ लड़ाई में देश की एकता को तोड़ने की कोशिश की है|
प्रसाद ने कहा कि,'प्रधानमंत्री जी ने कहा था कि देश के डॉक्टर-नर्सेस, सफाई कर्मचारी, पुलिस कर्मचारी जैसे कोरोना वॉरियर्स के सम्मान में ताली बजाएं, इसका भी राहुल गांधी ने मजाक बनाया। आज पूरी दुनिया डॉक्टरों के पक्ष में सम्मान से ताली बजा रही है जिसकी शुरुआत प्रधानमंत्री जी ने की थी|उन्होंने कहा, जब लॉकडाउन लगाया गया तब राहुल गांधी जी ने कहा कि लॉकडाउन से क्या होगा? राहुल गांधी की बात उनकी राजस्थान और पंजाब सरकार भी नहीं सुनती थी वहां लॉकडाउन पहले की कर दिया गया था|
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार पीएम केयर्स फंड में जमा पैसों को राष्ट्रीय आपदा राहत कोष में ट्रांसफर करने की मांग ठुकरा दी|उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को कहा कि पीएम-केयर्स फंड की धनराशि को राष्ट्रीय आपदा राहत कोष में स्थानांतरित करने की जरूरत नहीं है। व्यक्ति स्वेच्छा से एनडीआरएफ में योगदान कर सकते हैं|
जस्टिस अशोक भूषण, आर. सुभाष रेड्डी और एम. आर. शाह की खंडपीठ ने उस याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें पीएम केयर्स फंड के पूरे पैसे को एनडीआरएफ में ट्रांसफर करने की मांग की गई थी।