नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा कोरोना संक्रमित पाए गए हैं | राबर्ट ने फेसबुक पोस्ट के जरिये यह जानकारी दी| इसके बाद प्रियंका गांधी ने भी खुद को क्वारटाइन कर लिया है। इसके कारण प्रियंका गांधी के आगामी चुनाव प्रचार कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं। डॉक्टरों की सलाह के बाद प्रियंका गांधी ने यह फैसला लिया है। प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर यह जानकारी दी।
रॉबर्ट वाड्रा ने अपने पोस्ट में लिखा, 'दोस्तों, दुर्भाग्य से मैं किसी कोविड-19 पॉजिटिव के संपर्क में आ गया हूं और कोविड पॉजिटिव पाया गया है| में अभी तक Asymptomatic (कोरोना के लक्षण नजर नहीं आना) हूं| कोराना गाइडलाइन के लिहाज से प्रियंका और मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया है, हालांकि प्रियंका निगेटिव है|
रॉबर्ट ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, 'सौभाग्य से इस समय बच्चे हमारे साथ नहीं हैं, घर में अन्य सभी निगेटिव हैं| उम्मीद है कि हम जल्द ही सामान्य जिंदगी में वापस लौटेंगे| आप सभी के कुशलता के संदेशों के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद|
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी एक ट्वीट के जरिये अपने को आइसोलेट करने की जानकारी दी है| उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है, 'हाल में कोरोना संक्रमण के संपर्क में आने के चलते मुझे अपना असम दौरा रद्द करना पड़ रहा है. मेरी कल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है मगर डॉक्टरों की सलाह पर मैं अगले कुछ दिनों तक आइसोलेशन में रहूंगी| इस असुविधा के लिए मैं आप सभी से क्षमाप्रार्थी हूं| मैं कांग्रेस विजय की प्रार्थना करती हूं|