नई दिल्ली: यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए केंद्र सरकार ने प्रयास तेज कर दिए हैं| भारतीयों को रोमानिया से ला रहा एयर इंडिया (Air India) का विमान आज शाम 4 बजे मुंबई में लैंड करेगा| यूक्रेन से निकाले गए 219 भारतीयों के साथ पहली उड़ान रोमानिया से मुंबई के लिए रवाना हो गई है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इन यात्रियों को रिसीव करेंगे| विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने कहा है कि यूक्रेन से निकाले गए 219 भारतीयों के साथ पहली उड़ान रोमानिया से मुंबई के लिए रवाना हुई। विदेश मंत्री ने बताया कि हम प्रगति कर रहे हैं। हमारी टीमें 24 घंटे ज़मीन पर काम कर रही हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहा हूं।
बता दें कि ''एयर इंडिया के एक विमान ने रूस के आक्रमण के चलते यूक्रेन में फंसे भारतीयों को स्वदेश लाने के वास्ते रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट के लिए शनिवार सुबह मुंबई हवाईअड्डे से उड़ान भरी थी| वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने बताया था कि उड़ान संख्या एआई1943 ने तड़के करीब तीन बजकर 40 मिनट पर मुंबई हवाईअड्डे से उड़ान भरी| उन्होंने बताया था कि जो भी भारतीय नागरिक सड़क मार्ग से यूक्रेन-रोमानिया सीमा पर पहुंच गये हैं, उन्हें भारत सरकार के अधिकारी बुखारेस्ट ले जायेंगे ताकि उन्हें एअर इंडिया की उड़ानों के जरिए स्वदेश लाया जा सके। एयर इंडिया यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाने के लिए बुखारेस्ट और हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट के लिए शनिवार को और उड़ानें संचालित करेगी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को देश में लाने को सरकार की प्राथमिकता बताया है। उन्होंने कहा, "यूक्रेन में फंसे लोगों को भारत सरकार अपने खर्च पर लाएगी। वहां से कई लोग आ भी चुके थे। हमारे विदेश मंत्री एस जयशंकर ने यूक्रेन के विदेश मंत्री से बातचीत की है। उन्हें यहां सुरक्षित लाने की व्यवस्था चल रही है। हम चाहते हैं कि हालात सामान्य हों।"
विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने यूक्रेन से भारतीय छात्रों को निकाले जाने की कोशिशों का ब्योरा दिया है। उन्होेंने कहा कि 4,000 से ज्यादा लोग वापस आ गए हैं, लेकिन कुछ लोग अभी भी वहां फंसे हुए हैं। भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है और हम लोगों को वहां से निकालने के लिए प्रयास कर रहे हैं,यूक्रेन का एयरस्पेस बंद है इसलिए हम भूमि मार्गों का उपयोग कर रहे।
वहीँ यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के प्रयासों के बीच यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने नागरिकों से उसके अधिकारियों के साथ समन्वय के बिना सीमा चौकियों पर नहीं जाने को कहा है। भारतीय दूतावास ने कहा, ‘‘सीमा जांच चौकियों पर स्थिति संवेदनशील है। भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए हम पड़ोसी देशों में हमारे दूतावासों के साथ काम कर रहे हैं।’’ उसने कहा,‘‘ हमारे लिए उन भारतीयों को निकालना मुश्किल हो रहा है जो बिना सूचना दिए सीमा जांच चौकियों पर पहुंच गए हैं। जो भारतीय नागरिक पूर्वी क्षेत्र में हैं, उनसे अगले निर्देश तक अपने निवास स्थान पर रहने का अनुरोध किया जाता है।’’ दूतावास ने भारतीय नागरिकों से कहा कि वे अनावश्यक गतिविधि से बचे, सावधानी बरतें, अपने आसपास की घटनाओं और हाल के घटनाक्रम को लेकर चौकन्ना रहें।