मुंबई: स्कूली पाठ्यपुस्तकों में 'इंडिया' की जगह 'भारत' करने की NCERT पैनल की सिफारिश पर शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा, "ये राजनीतिक निर्णय है क्योंकि सभी राजनीतिक दलों ने मिलकर INDIA गठबंधन बनाया। तब से ये (BJP) लोग इंडिया नाम से नफरत करने लगे हैं।...हम भारत से नफरत नहीं करेंगे क्योंकि भारत हमारा ही है भारत हमारा देश है। संविधान में भारत का जिक्र है लेकिन इंडिया हो या भारत, देश-देश है लेकिन आप एक निर्णय लेने जा रहे हैं कि इंडिया की जगह भारत करने की तो क्या आपकी जिम्मेदारी नहीं है कि सर्वदलीय बैठक बुलाकर इस बारे में चर्चा करें। भारत हो या इंडिया हो हम तो एक हैं और जल्दी ही आपको पता चलेगा कि 2024 में इंडिया जीतेगा और भारत भी।"
स्कूली पाठ्यपुस्तकों में 'इंडिया' को 'भारत' से बदलने की NCERT पैनल की सिफारिश पर शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, " NCERT के लोगों की बड़ी जिम्मेदारी रही है कि हमारा इतिहास क्या रहा है, किस प्रकार हमने लड़ाई लड़ी है। किस प्रकार से हम संविधान बनाकर आगे चले हैं ये बताएं। संविधान में लिखा है इंडिया जो कि भारत है, इसे इंडिया बनाम भारत बनान गलत है।"
यह भी पढ़ें: NCERT की सभी किताबों में अब ‘इंडिया’ की जगह लिखा जाएगा ‘भारत’, पैनल ने की सिफारिश
स्कूली पाठ्यपुस्तकों में 'इंडिया' को 'भारत' से बदलने की NCERT पैनल की सिफारिश पर पश्चिम बंगाल के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु ने कहा, "हास्यास्पद निर्णय, यह एक राजनीतिक मुद्दा है, इसे आप शिक्षा में नहीं ला सकते। क्योंकि वे इंडिया शब्द से भयभीत हैं... इसलिए मुझे लगता है कि यह एक विचित्र निर्णय है। यह सही निर्णय नहीं है और राजनीतिक रूप से वे भारत और ममता बनर्जी से डरते हैं। यह सबसे अच्छा उदाहरण है।"