नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण स्तर को देखते हुए पराली जलाने पर निगरानी रखने के लिए एक मॉनिटरिंग टीम का गठन किया है| सर्वोच्च न्यायालय ने पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के राज्यों में पराली जलाए जाने को रोकने के लिए एक व्यक्ति निगरानी समिति के तौर पर शीर्ष अदालत के पूर्व न्यायाधीश मदन बी लोकुर को नियुक्त किया।
सुनवाई के दौरान न्यायालय ने हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिवों को उन खेतों की निगरानी में लोकुर समिति की मदद करने का निर्देश दिया जिनमें पराली जलाई जाती है। अदालत ने निर्देश दिया कि पराली जलाने की घटनाओं पर नजर रखने में पैनल की मदद करने के लिए एनसीसी, राष्ट्रीय सेवा योजना और भारत स्काउट्स की तैनाती की जाए।
लोकुर समिति पराली जलाए जाने की घटनाओं से संबंधित अपनी रिपोर्ट हर पखवाड़े शीर्ष अदालत को सौंपेगी। वहीं केंद्र सरकार की तरफ से अदालत में पेश हुए सॉलिसीटर जनरल तुषार मेहता ने पराली जलाने की घटनाओं पर नजर रखने के लिए न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) लोकुर की अगुवाई में एक सदस्यीय समिति बनाने का विरोध किया।
गौरतलब है कि दिल्ली के पड़ोसी राज्यों हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में किसानों द्वारा पराली जलाए जाने से राजधानी की हवा में प्रदूषण बढ़ जाता है। शुक्रवार को राजधानी में हवा चलने से प्रदूषक तत्वों में छितराव होने से वायु प्रदूषण के स्तर में थोड़ी सी गिरावट आई है।
शहर में सुबह दस बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 251 दर्ज किया गया। गुरुवार को औसत एक्यूआई 315 रहा जो 12 फरवरी के बाद से सबसे खराब रहा। शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 और 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 'खराब', 301 और 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 और 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।
केंद्र सरकार की एजेंसी, सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फॉरकास्टिंग एंड रिसर्च ने गुरुवार को कहा कि गुरुवार को 583 क्राप फायर्स रिकॉर्ड किया गया। वायु प्रदूषण फैलाने वाली हवा की दिशा इस ओर है और आज के लिए हवा में मौजूदा पीएम2.5 में पराली का योगदान 26 प्रतिशत है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक ने बताया कि वायु की गति में सुधार होने के कारण प्रदूषण के स्तर में गिरावट आई है। अमेरिकी उपग्रह एजेंसी, नासा की उपग्रह से ली गई तस्वीरों में पंजाब के अमृतसर, पटियाला, तरनतारन और फिरोजपुर के पास और हरियाणा के अंबाला और राजपुरा में खेतों में आग लगी दिखाई दे रही है।