मुंबई: मुंबई में 2012 में हुए शीना बोरा हत्याकांड में सबसे बड़ा टर्न आ गया है। अपनी बेटी शीना बोरा की हत्या की आरोपी इंद्राणी मुखर्जी ने दावा किया है कि उनकी बेटी जिंदा है। इंद्राणी अभी भायखला जेल में बंद हैं। इंद्राणी का दावा है कि जेल में बंद एक साथी महिला कैदी ने शीना से कश्मीर में मुलाकात की है।
इंद्राणी ने CBI को इस बारे में एक चिट्ठी लिखी है। उन्होंने अपील की है कि शीना बोरा को कश्मीर में तलाश किया जाए। केस की जांच CBI ही कर रही है। इंद्राणी पर अपनी बेटी की कार में गला दबाकर हत्या करने और उसके शव को जमीन में गाड़ने का आरोप है।
इंद्राणी की इस चिट्ठी को 28 दिसंबर को CBI की विशेष अदालत में रखा जाएगा। इस दिन उनकी जमानत अर्जी पर भी फैसला होना है। इससे पहले इंद्राणी की जमानत अर्जी 6 बार खारिज की जा चुकी है। हर बार इंद्राणी ने बेल के लिए अलग-अलग वजहें बताई थीं।
CBI ने शीना बोरा मर्डर केस में जांच बंद करने का फैसला किया है। पिछले दिनों CBI ने मुंबई की स्पेशल कोर्ट में कहा था कि 2012 में हुए इस मर्डर को लेकर उसकी जांच पूरी हो गई है। CBI ने इस मामले में तीन चार्जशीट और दो सप्लीमेंटरी चार्जशीट फाइल की हैं। इनमें इंद्राणी मुखर्जी, उसके ड्राइवर श्यामवर राय, पूर्व पति संजीव खन्ना व पीटर मुखर्जी को आरोपी बनाया गया है।
अपनी बेटी शीना बोरा की हत्या करने के आरोप में जेल में बंद इंद्राणी मुखर्जी ने पत्र में एजेंसी से कहा है कि शीना बोरा जिंदा है और सीबीआई को उसे ढूंढना चाहिए| जानकारी है कि इंद्राणी सीबीआई को लिखी चिट्ठी में बताया है कि जेल में उसे मिली एक महिला कैदी ने उसे बताया है कि शीना बोरा से वो कश्मीर में मिली थी| इंद्राणी ने सीबीआई से जांच की मांग की है|
बता दें कि शीना बोरा, इंद्राणी मुखर्जी की पहली शादी से हुई बेटी थी| इंद्राणी को 2015 में 25 वर्षीय शीना बोरा के मर्डर के आरोप में गिरफ्तार किया गया था| उसके बाद से वो मुंबई के भायखला जेल में बंद है|
शीना बोरा हत्याकांड का खुलासा तब हुआ, जब पुलिस ने इंद्राणी मुखर्जी के ड्राइवर श्यामवर राय को बंदूक के साथ गिरफ्तार किया। राय ने बताया था कि शीना की हत्या साल 2012 में इंद्राणी मुखर्जी ने एक कार में गला दबाकर की थी।
इंद्राणी के गिरफ्तारी के बाद उनके पूर्व पति संजीव खन्ना को भी बेटी की हत्या में मदद करने और सबूत मिटाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
अपने दूसरे पति पीटर मुखर्जी को इंद्राणी ने बताया था कि शीना उसकी बहन है। शीना बोरा और पीटर मुखर्जी के बेटे राहुल मुखर्जी के बीच भी करीबी थी।
शीना के अचानक साल 2012 में गायब हो जाने के बाद राहुल ने उसे तलाशने का काफी प्रयास किया। जब मामला सामने आया तो जांच में पता चला कि इंद्राणी ने मुंबई के बांद्रा में शीना की गला दबाकर हत्या कर दी और उसके शव को रायगढ़ जिले में दफना दिया। जांच एजेंसियों का दावा था कि शीना बोरा के अवशेष भी मिले थे। इंद्राणी ने इसे खारिज कर दिया था।
इंद्राणी के बाद CBI ने उनके दूसरे पति पीटर मुखर्जी को भी गिरफ्तार किया था, जिन्हें 2020 में जमानत मिल गई थी। ट्रायल के दौरान ही इंद्राणी और पीटर ने 17 साल चली अपनी शादी के बाद 2019 में तलाक ले लिया था।