नई दिल्ली: राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहाकि, कोरोना संक्रमण को गांवों तक किसी भी हालत में नहीं पहुंचने देना है। पिछले साल देश के गांवों ने जो नेतृत्व दिखाया, वो ही काम इस बार भी आप चुस्ती और अनुशासन के साथ करेंगे| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पुरस्कृत पंचायतों को पुरस्कार राशि ट्रांसफर की। इस दौरान केंद्रीय पंचायती राज मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्वामित्व योजना और 4.09 लाख संपत्ति मालिकों को ई-संपत्ति कार्डों के वितरण का शुभारम्भ किया।
इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा,''जब हम एक साल पहले पंचायती राज दिवस के लिए मिले थे, तो पूरा देश कोरोना के खिलाफ लड़ रहा था। उस समय मैंने आप सभी से आग्रह किया था कि कोरोना को गाँवों तक पहुँचने से रोकने में अपना कर्तव्य निभाएँ| आपने कोरोना को न केवल गांवों तक पहुंचने से रोका बल्कि गांवों में जागरूकता पैदा करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस साल भी हमारे पास इस वायरस को गांवों तक पहुंचने से रोकने की चुनौती है| वो चुनौती पहले से जरा ज्यादा है कि गांवों तक इस संक्रमण को किसी भी हालत में पहुंचने नहीं देना है, उसे रोकना ही है।
उन्होंने कहा,'पिछले साल जो आपने मेहनत की, देश के गांवों ने जो नेतृत्व दिखाया, वही काम इस बार भी आप बड़ी चुस्ती के साथ, बड़े discipline के साथ और ज्यादा से ज्यादा लोगों का साथ ले करके बहुत ही पक्का करेंगे, सफलता जरूर पाएंगे। क्योंकि आपने पिछली बार किया था, अब एक साल का अनुभव है। संकट के संबंध में ज्यादातर जानकारियां हैं, संकट से बचने के संबंध में रास्तों की जानकारी है। और इसलिए मुझे विश्वास है कि मेरे देश के, मेरे गांव के सारे लोग, गांव का नेतृत्व करने वाले लोग, गांव में कोरोना को प्रवेश करने से रोकने में सफल होंगे और बहुत उत्तम तरीके से व्यवस्था भी करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा,''हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि गांवों में समय-समय पर जारी दिशानिर्देशों का पालन किया जाए। जो भी गाइडलाइंस समय-समय पर जारी होती हैं, उनका पूरा पालन गांव में हो, हमें ये सुनिश्चित करना होगा। इस बार तो हमारे पास वैक्सीन का एक सुरक्षा कवच है।। इसलिए,, हमें यह सुनिश्चित करना है कि गांवों में सभी को टीका की खुराक मिले|। भारत सरकार अभी 45 आयु के ऊपर के हर व्यक्ति का मुफ्त टीकाकरण कर रही है; हिन्दुस्तान के हर राज्य में कर रही है। अब एक मई से 18 साल की उम्र से ऊपर के लोगों को टीका लगाने की प्रक्रिया शुरु होने वाली है। आप सभी साथियों के सहयोग से ही ये टीकाकरण अभियान सफल होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा,'इस वर्ष हम आज़ादी के 75वें वर्ष में प्रवेश करने वाले हैं। हमारे सामने चुनौतियां ज़रूर हैं, लेकिन विकास का पहिया हमें तेज़ गति से आगे बढ़ाते रहना है। आप भी अपने गांव के विकास के लक्ष्य तय करें और तय समयसीमा में उन्हें पूरा करें| मैं फिर से एक बार आपकी इस कोरोना की लड़ाई में जल्द से जल्द विजय प्राप्त हो, आपका गांव कोरोना-मुक्त गांव रहे, इसमें आप सफल हों।