तूतूकुड़ी/चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की तारीख की घोषणा होने के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को 3 दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं|कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को अपने 3 दिवसीय दौरे के पहले दिन तूतूकुड़ी जिले पहुंचे हैं। तूतूकुड़ी पहुंचने पर समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।तूतूकुड़ी में एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने मोदी सरकार और आरएसएस पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार संवैधानिक संस्थाओं को बर्बाद कर रही है। इसके चलते लोगों को संसद और न्यायपालिका पर भरोसा नहीं रहा।
कार्यक्रम के बाद तूतूकुड़ी के मीनाक्षीपुरम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रोड शो किया। उन्होंने कहा, "सरकार देश और तमिलनाडु के लोगों का अपमान कर रही है। वे तमिल भाषा, इतिहास और संस्कृति का अपमान कर रहे हैं। भारत बहुत से विचारों, भाषाओं और परंपराओं का संघ है सभी का सम्मान होना चाहिए।"
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा,''तमिलनाडु की वर्तमान सरकार को दिल्ली की सरकार नियंत्रित कर रही है। नरेंद्र मोदी सोचते हैं कि तमिलनाडु एक टेलीविजन है और वे एक कमरे में बैठकर रिमोट कंट्रोल से तमिलनाडु को नियंत्रित कर सकते हैं। हम उनके रिमोट कंट्रोल की बैट्री को फेंकने जा रहे हैं|
राहुल गांधी ने कहा,''जब तमिलनाडु का मुख्यमंत्री खुदको प्रधानमंत्री द्वारा कंट्रोल करने देता है तो यह तमिलनाडु के लोगों के लिए कार्य नहीं है। तमिलनाडु CM को तमिलनाडु के लोगों की भलाई के लिए शासन करना चाहिए। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को प्रधानमंत्री के आगे झुकना नहीं चाहिए|
पिछले 6 सालों में सभी संस्थाओं पर व्यवस्थित हमले
इससे पहले राहुल ने VOC कॉलेज में कहा, 'संस्थाओं के बीच संतुलन बिगड़ता है तो राष्ट्र अशांत होता है। पिछले 6 सालों से सभी संस्थाओं पर व्यवस्थित तरीके से हमला किया जा रहा है। दुख है कि भारत में लोकतंत्र मर गया है क्योकि एक संस्था आरएसएस हमारे देश के संस्थागत संतुलन को बिगाड़ और बर्बाद कर रही है। उन्होंने आगे कहा, 'चीन ने भारत के कुछ स्ट्रेटेजिक इलाकों पर कब्जा किया है। पहले उन्होंने डोकलाम में आइडिया को टेस्ट किया, उन्होंने देखा कि भारत ने प्रतिक्रिया नहीं की। फिर उन्होंने अपने उस आइडिया को लद्दाख, अरुणाचल प्रदेश में दोहराया। इस सरकार में देपसांग में हमारी जमीन वापस नहीं आएगी।'
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि 'धर्मनिरपेक्षता हमारी संस्कृति और इतिहास की बुनियाद है। इस देश में धर्मनिरपेक्षता पर हमला हो रहा है। आरएसएस और बीजेपी इसका नेतृत्व कर रहे हैं। यह सिर्फ संविधान पर हमला नहीं है बल्कि इतिहास और संस्कृति पर भी हमला है। इसे रोकना बहुत जरुरी है।'