मुंबई: लखनऊ नगर निगम का बॉन्ड बुधवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में सूचीबद्ध हो गया। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार ने मुंबई स्थित बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के कार्यालय में बेल बजाकर इसकी लिस्टिंग की।लखनऊ नगर निगम का बॉन्ड 200 करोड़ रुपये का है। लखनऊ नगर निगम बॉन्ड जारी करने वाला उत्तर भारत का पहला नगर निगम बन गया है।
सीएम योगी ने कहा,''आज लखनऊ म्युनिसिपल बॉन्ड बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में सूचीबद्ध हो गया है। यह "आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश" की संकल्पना की पूर्णता की दिशा में बढ़ाया गया महत्वपूर्ण कदम है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि हेतु लखनऊ नगर निगम और प्रदेशवासियों को हृदय से बधाई व शुभकामनाएं।
मुंबई में बॉन्ड की लिस्टिंग के मौके पर सीएम योगी ने कहा,''लखनऊ नगर निगम के ₹200 करोड़ के म्युनिसिपल बॉन्ड की आज BSE India में लिस्टिंग हो रही है। यह हमारे लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि उत्तर प्रदेश देश का सबसे अधिक आबादी वाला प्रदेश है|साथ ही देश की सबसे अधिक अर्बन बॉडीज उत्तर प्रदेश में हैं, जिनकी संख्या लगभग 700 है। इनमें लगभग 08 करोड़ की आबादी निवास करती है|
सीएम योगी ने कहा,''अगर उत्तर प्रदेश की राजधानी, लखनऊ म्युनिसिपल बॉन्ड प्रक्रिया के साथ जुड़ रही है, तो स्वाभाविक रूप से अन्य नगर निकायों को भी इससे प्रेरणा प्राप्त होगी। मैं उत्तर प्रदेश में नगर निकायों की दृष्टि से इसे एक नए युग की शुरुआत मानता हूं|देश में 1997 में नगर निकायों को म्युनिसिपल बॉन्ड जारी करने की प्रक्रिया प्रारंभ हुई थी, लेकिन उत्तर भारत में लखनऊ नगर निगम पहला नगर निगम है, जिसके लिए म्युनिसिपल बॉन्ड जारी हुए हैं
लखनऊ म्युनिसिपल बॉन्ड आज BSE में सूचीबद्ध हो गया है। अब यह बॉन्ड ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध है। यह UP Govt द्वारा म्युनिसिपल बॉन्ड जारी करने की प्रक्रिया में सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है|PM जी ने 02 वर्ष पहले लखनऊ और गाजियाबाद नगर निगम के म्युनिसिपल बॉन्ड जारी करने का आह्वान किया था। UP Govt मोदी द्वारा आगरा, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी नगर निगमों के म्युनिसिपल बॉन्ड भी जारी करने का निर्णय लिया गया है|
सीएम योगी ने कहा,''मुझे विश्वास है कि शीघ्र ही हम गाजियाबाद नगर निगम के म्युनिसिपल बॉन्ड के साथ एक बार फिर यहां पर उपस्थित होंगे|मुझे इस बात की अत्यंत प्रसन्नता है कि यह बॉन्ड निवेशकों द्वारा साढ़े चार गुना से अधिक सब्सक्राइब किया गया है। इससे निवेशकों द्वारा उत्तर प्रदेश में निवेश के प्रति विश्वास झलकता है|
राज्य सरकार के प्रति निवेशकों और उद्यमियों के भरोसे का ही परिणाम है कि प्रदेश ने 'इज ऑफ डूइंग बिजनेस' रैंकिंग में देश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है|यह म्युनिसिपल बॉन्ड नगरीय अवस्थापना एवं नागरिक सुविधाओं जैसे पेयजल, सीवर, सभी के लिए आवास आदि को विकसित करने के लिए बाजार से ऋण के रूप में पूंजी प्राप्त करने का एक साधन है|
तेजी से बढ़ते शहरीकरण के मध्य संविधान की मूलभूत अवधारणा - स्वायत्तता एवं स्वावलंबन के अनुरूप स्थानीय निकायों के उन्नयन के साधन के रूप में म्युनिसिपल बॉन्ड एक उत्तम विकल्प है|₹200 करोड़ के म्युनिसिपल बॉन्ड से लखनऊ नगर निगम आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर होगा तथा कार्यप्रणाली में प्रशासनिक एवं वित्तीय सुधार सुगम होगा। साथ ही, नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने में भी मदद मिलेगी|