नई दिल्ली: केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन के बीच किसान शनिवार यानी 6 फरवरी को देशभर में चक्का जाम करेंगे| किसान संगठनों ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को छोड़कर बाकी समूचे देश में राजमार्गों पर चक्का जाम करेंगे| राकेश टिकैत ने कहा कि यूपी और उत्तराखंड में भी कल चक्का जाम नहीं होगा|
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि,''कल (6 फरवरी) सिर्फ 2 राज्यों में चक्का जाम नहीं होगा। ये 2 राज्य हैं- उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड। इन 2 राज्यों और दिल्ली को छोड़कर पूरे देश में चक्का जाम होगा| संयुक्त किसान मोर्चा ने एलान किया है कि 6 फरवरी को होने वाले चक्का जाम सिर्फ नेशनल हाईवे और राज्य स्तरीय हाईवे पर ही किए जाएंगे।
टिकैत ने कहा कि,''यूपी और उत्तराखंड में किसान चक्का जाम नहीं करेंगे। गन्ना कटाई होने और मील पर गन्ने पहुंचने के चलते ये निर्णय लिया गया है। तहसील और कलेक्ट्रेट स्तर पर अधिकारियों को ज्ञापन दिया जाएगा। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के किसानों को स्टैंड बाय में रखा है। वह आगे बोले कि यूपी और उत्तराखंड के किसानों को कभी भी दिल्ली आने को बोला जाएगा तो वह दिल्ली आएंगे।
कृषि कानूनों के विरोध में धरने पर बैठे किसान संगठनों ने अब केंद्र के सामने वार्ता के लिए शर्तें रखनी शुरू कर दी हैं। टीकरी बॉर्डर पर धरना दे रहे किसानों को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन एकता (उगराहां) के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने एलान किया कि कृषि कानूनों पर केंद्रीय स्तर पर तब तक बात नहीं होगी, जब तक जेलों में बंद किसानों को रिहा नहीं किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने कहा कि,''देश का किसान संगठित है, कल देशभर में चक्का जाम है। जब तक तीनों कृषि क़ानून वापस नहीं होंगे, लोकसभा में हमारा विरोध जारी रहेगा। हम सड़क से लेकर लोकसभा तक किसानों के लिए लगे रहेंगे|
दिल्ली पुलिस ने राजधानी के बॉर्डरों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़े करने पर कहा कि पूरे देश में कल किसानों का तीन घंटे का चक्का जाम होने वाला है, उसके मद्देनजर हमने दिल्ली की सभी बॉर्डर पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की है। हालांकि किसानों ने कहा कि वे दिल्ली में ऐसा कुछ नहीं कर रहे हैं लेकिन 26 जनवरी को जो हुआ उसके मद्देनजर हमने ऐसा किया है।
किसानों के प्रस्तावित चक्का जाम से निपटने के लिए हरियाणा पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। हरियाणा एडीजीपी (कानून और व्यवस्था) ने पूरे प्रदेश के एसपी और कमिश्नरों को निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों में कहा गया है कि गैर-परिचालन कर्तव्यों से अधिकतम बल को बाहर निकाला जाए और खुफिया नेटवर्क तैयार रहे। साथ ही बचाव के सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।