जबलपुर: जबलपुर में शादी के एक कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग में 26 साल एक युवक की मौत हो गई है| भाजपा नेता अंचल सोनकर के बेटे प्रद्युमन सोनकर ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायर किया। यह गोली दूल्हे (अनुष्ठान सोनकर) के दोस्त रोहित पिल्लई के सीने में लगी। जिससे उसकी मौत हो गई|
मामला बेलबाग थाना क्षेत्र के ब्यौहारबाग इलाके का है| अनुष्ठान सोनकर की 26 जनवरी को शादी होनी है। शादी के पहले लगन/हल्दी का कार्यक्रम का आयोजन अनुष्ठान उर्फ मिंटू के घर पर हो रहा था। इस आयोजन में भाजपा नेता प्रद्युम्न सोनकर भी शामिल हुआ था|
कार्यक्रम में रोहित अपने दोस्तों के साथ डांस कर रहा था, तभी बंदूक से प्रद्युम्न ने दो फायर किए| जिसमें से एक गोली रोहित को सीने में आकर लग गई और वह बेहोश होकर नीचे गिर पड़ा। जैसे ही रोहित नीचे गिरा, वैसे ही लगन समारोह कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई।
इसके बाद लोग खून से लथपथ रोहित को घायल अवस्था में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने के पहले ही रोहित पिल्लई ने दम तोड़ दिया।
सिद्धार्थ बहुगुणा SP ने बताया,' शादी के एक कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग में घायल होने से रोहित पिल्लई नामक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है। फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान प्रदुमन सोनकर के रूप में हुई है। हम सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार करेंगे और विवेचना करेंगे|