जयपुर: कन्हैयालाल हत्याकांड: राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा,''राजस्थान साम्प्रदायिक सौहार्द्र एवं सद्भाव के लिए जाना जाता है। यहां का भाईचारा एवं अपनायत की मिसाल पूरे देश में दी जाती है। उदयपुर में 28 जून, 2022 को एक युवक की जघन्य हत्या की गई है,जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
सीएम गहलोत ने कहा कि,''राज्य सरकार पूरी मुस्तैदी के साथ कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्य कर रही है। स्थानीय पुलिस द्वारा इस मामले में विधि विरूद्ध क्रिया-कलाप (निवारण) अधिनियम-1967 (यू.ए.पी.ए.) की धारा 16, 18 एवं 20 तथा भारतीय दण्ड संहिता की धारा 302 सहपठित धारा 153 ए, 153 बी, 295 ए, 452 एवं 34 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही घटना की विस्तृत जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया। पुलिस की तत्परता से दोनों मुख्य आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी की गई है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा,''प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपियों का संबंध विदेशी संगठनों से है अतः इस घटना की जांच एनआईए द्वारा की जा रही है। प्रदेश की एंटी टेररिस्ट स्कवॉड एवं स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (ATS &SoG) को एनआईए द्वारा की जा रही जांच में पूरा सहयोग करने के निर्देश दिये गये हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा,''मैं प्रदेशवासियों को आश्वस्त करना चाहता हूँ कि अपराधी चाहे कितना ही बड़ा हो और किसी धर्म या सम्प्रदाय का हो, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। हम प्रदेश में शांति, साम्प्रदायिक सद् भाव और भाईचारा कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
मेरा सभी धर्मगुरूओं, जन-प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं समाजसेवियों से आग्रह है कि वे सामाजिक सौहार्द्र की अपील करें ताकि प्रदेश में शांति का वातावरण बना रहे। प्रदेशवासी अशांति फैलाने एवं माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों के बहकावे में नहीं आएं। समाज में भय एवं अशांति का माहौल नहीं हो, इसके लिए ऐसी कोई भी सामग्री एवं वीडियो को सोशल मीडिया सहित अन्य प्लेटफार्म पर प्रसारित नहीं करें।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा,'मैं प्रदेशवासियों से विनम्र अपील करता हूँ कि कानून-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने में सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं एवं शांति और सद्भाव बिगाड़ने की कोई सूचनायाजानकारी आपके पास है तो उसे 100/101 नंबर पर फोन कर अवश्य सूचित करें।