जालौर: राजस्थान के जालौर (Jalore) जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है| जालोर जिले में 11,000 वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने के बाद बस में आग लग गई, जिससे छह लोगों की मौत हो गई और सात घायल हो गए। घटना की जानकारी पुलिस ने रविवार को दी|
ये बस बाड़मेर से ब्यावर जा रही थी| गाड़ी के ड्राइवर और कंडक्टर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया| हादसा शनिवार को देर रात 10.30 बजे के आसपास हुआ| जालोर के अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा,'' महेशपुर में कल देर रात बिजली के तार के संपर्क में आने से बस में आग लग गई, हादसे में छह की मौत हो गई और सात घायल हो गए|“घायलों को जोधपुर रेफर किया गया है|
स्थानीय लोगों ने बताया कि बस का कंडक्टर बस की छत पर चढ़कर एक डंडे की मदद से बिजली के तार को ऊपर उठा कर बस को निकालने की कोशिश की कर रहा था, इसी दौरान डंडे से बिजली का तार झटक कर कंडक्टर के गले में अटक गया। जिससे कंडक्टर और बस में करंट दौड़ गया। कंटक्टर मौके पर ही झुलस गया। जिस वक्त हादसा हुआ उस वक्त बस में मौजूद अन्य यात्रियों को भी करंट लगा।
लोगों ने बताया कि करंट फैलने के बाद बस में अचानक आग में लग गई, जिसमें यात्री झुलस गए। स्थानीय पुलिस ने बस कंडक्टर और ड्राइवर समेत 6 लोगों की मौत की पुष्टि कर दी है जबकि बस में सवार दूसरे यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया है।