कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में भी देवरिया जैसी घटना सामने आई है| देवरिया के बाद कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात भूमि विवाद के चलते दो सगे भाइयों की लाठी, डंडों और कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई| जबकि परिवार के चार लोगों की हालत गंभीर है, जिन्हें इलाज के लिए कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हत्याकांड के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है| पुलिस ने 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है|
पूरा मामला थाना गजनेर क्षेत्र के ग्राम शाहजहांपुर निनाया का है| बताया जा रहा है कि शाहजहांपुर निनायां गांव के 70 वर्षीय सत्य नारायण विश्वकर्मा ने अपनी जमीन पर आवास निर्माण के लिए सामग्री उतरवाई थी। इसी जमीन को लेकर गांव के ही मोहन शुक्ला के परिवार से विवाद चल रहा था| मोहन शुक्ला के पास पिकअप (लोडर) है। मोहन शुक्ला ने गुरुवार शाम को उसी जमीन पर पिकअप खड़ा कर दिया। जिसके बाद रामवीर व इनके भाई सत्यनरायन ने विरोध किया| जिसके बाद दोनों पक्ष में विवाद हो गया| हालंकि कुछ देर बाद मामला शांत हो गया।
इसके बाद, देर रात को मोहन शुक्ला ने अपने परिवार के लोगों के साथ लाठी, डंडों और कुल्हाड़ी से रामवीर विश्वकर्मा परिवार पर हमला कर दिया | इस हमले में घायल 70 वर्षीय सत्य नारायण, उनके भाई 60 वर्षीय रामवीर, रामवीर की पत्नी मधु, बेटी मीनू, काजल व बेटा संजू घायल हो गए| इस हमले में सत्यनारायण व रामवीर की मौत हो गई| बाकी चार लोगों की कानपुर के हैलट अस्पताल में उपचार चल रहा है|
घटना की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया| कानपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक आलोक सिंह, आईजी रेंज और कानपुर देहात के पुलिस अधीक्षक भी शाहजहांपुर निनायां गांव पहुंचे और घटना स्थल का जायजा लिया| पुलिस ने 4 मुख्य आरोपियों- मोहन शुक्ला, अंजनी शुक्ला, सत्यम शुक्ला पुत्र प्रेम कुमार, व प्रिया पत्नी अंजनी शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है।
कानपुर देहात पुलिस ने बताया,''थाना गजनेर क्षेत्र के ग्राम शाहजहांपुर निनाया में 05/06 अक्टूबर देर रात्रि को 02 परिवारों के मध्य पिकप वाहन खड़ा करने को लेकर वाद- विवाद हो गया, इस दौरान दोनों पक्षों के मध्य विवाद बढ़ गया और इन्ही बातों से छुब्ध होकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गयी, जिसमें कुल 06 लोग घायल हो गये, घायलों को तत्काल इलाज हेतु हैलट अस्पताल कानपुर नगर भेजा गया। जहाँ पर इलाज के दौरान 02 लोगों की मृत्यु हो गयी तथा अन्य घायलों की स्थिति सामान्य है।
पुलिस ने बताया,''घटना के बाद तत्काल प्रभाव से कार्यवाही करते हुये पुलिस द्वारा मुख्य आरोपीगण 1. मोहन शुक्ला, 2. अंजनी शुक्ला, 3. सत्यम शुक्ला पुत्रगण प्रेम कुमार, 4. प्रिया पत्नी अंजनी शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक महोदय के द्वारा 03 टीमें लगायी गयी हैं। शीघ्र ही शेष अभियुक्तों को गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। मौके पर कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
कानपुर देहात हत्याकांड को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने योगी सरकार पर धावा बोला है| कांग्रेस ने एक्स (पहले ट्वीटर) पर लिखा,''कानपुर देहात के शाहजहांपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो सगे विश्वकर्मा भाइयों की हत्या कर दी गयी। बताया जा रहा है कि दबंग मृतकों की जमीन पर कब्जा करना चाहते थे और जब सफल नहीं हो पाए तो हत्या कर दी। बाबा के शासनकाल में भूमाफ़ियाओं का आतंक सिर चढ़कर बोल रहा है। सत्ता समर्थित दबंगों ने प्रदेश भर में पिछड़ों का जीना मुहाल कर दिया है। क्या पिछड़ों, दलितों को शोषण से बचाने के लिए प्रदेश में कोई चारा ही नहीं है?
समाजवादी पार्टी ने कहा,'''योगीराज में पुलिस प्रशासन की नाकामी, भ्रष्टाचार और पक्षपात के कारण निरंतर हो रहीं हत्याएं! कानपुर देहात में ज़मीनी विवाद में हुई दो लोगों की हत्या, कई घायल। पहले सुल्तानपुर, फिर देवरिया और अब ये, यूपी में कानून व्यवस्था की विफलता निरंतर हो रही उजागर। भाजपा सरकार और उसके भ्रष्ट प्रशासन की नाकामी की देन है बढ़ता अपराध।
बता दें कि बीते दिनों देवरिया में जमीन विवाद को लेकर 6 लोगों की हत्या कर दी गई थी| रुद्रपुर के फतेहपुर के लेड़हां टोला गांव में दो परिवारों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद था| दरअसल, गांव के सत्यप्रकाश दुबे के भाई साधू दुबे ने 2014 में अपने हिस्से की 10 बीघा जमीन अभयपुर टोला निवसी प्रेमचंद यादव को बेच दी थी| इस जमीन को लेकर विवाद चल रहा था | पहले, सोमवार (2अक्टूबर) की सुबह 7 बजे के करीब प्रेमचंद यादव बाइक से खेत पहुंचे और फिर सत्यप्रकाश दुबे के घर पहुंचे। जहां दोनों में विवाद हुआ| जिसके बाद सत्यप्रकाश दुबे ने प्रेमचंद की हत्या कर दी| इसकी खबर जैसे ही प्रेमचंद के परिवार और उनके ट??ले को हुई तो वे आक्रोशित हो उठे| इसके बाद गुस्साए लोग, लाठी, डंडे, बन्दूक से लैस होकर सत्यप्रकाश दुबे के घर पर हमला बोल दिया। घर में घुसकर सत्यप्रकाश दुबे, उनकी पत्नी, दो बेटी और एक बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी| इस हमले में सत्यप्रकाश दुबे का एक 8 साल का बच्चा घायल है, जिसका इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा है|