कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। गोविंदनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुजैनी में बेटे ने 55 साल के अपने पिता की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। इस दौरान बेटे ने अपनी मां व 80 वर्षीय नाना पर भी जानलेवा हमला किया। घटना की जानकारी होते ही मोहल्ले वालों की भीड़ एकत्र हो गई | घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने आरोपित बेटे को भी पकड़ लिया है।
गोविंदनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुजैनी सी ब्लॉक निवासी 55 वर्षीय जीत कुमार शुक्ला ट्रांसपोर्ट नगर में माल लोड-अनलोड कराने का ठेका लेते थे। परिवार में पत्नी सुमन शुक्ला, दो बेटे 24 वर्षीय निखिल और 17 वर्षीय अखिल रहते हैं। उनके साथ ही सुमन के पिता राम भरोसे अवस्थी भी रहते हैं।
सोमवार सुबह बड़े बेटे निखिल ने अपने 55 वर्षीय पिता की चाकू से गोदकर हत्या कर दी| इसके बाद वह अपनी मां सुमन व नाना राम भरोसे पर भी जानलेवा हमला किया। इस दौरान छोटे भाई ने किसी तरह मां व नाना को बचाया| इस बीच भाई भाग निकला और मोहल्ले वाले आ गए। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी|
सूचना मिलते ही मौके पर गोविन्द नगर थाने की फोर्स पहुंची व जांच पड़ताल शुरू की और फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने बताया,'' थाना गोविन्द नगर पुलिस द्वारा आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है, आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।