कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कानपुर मेट्रो परियोजना और बीना-पनकी मल्टीप्रोडक्ट पाइपलाइन परियोजना का उद्घाटन किया।इस दौरान उन्होंने कहा,'' आज उत्तर प्रदेश के विकास में एक नया अध्याय जुड़ रहा है। आज कानपुर को मेट्रो कनेक्टिविटी मिलने के साथ ही बीना रिफाइनरी से भी कानपुर अब कनेक्ट हो गया है। दोनों परियोजनाओं के लिए पूरे उत्तर प्रदेश को बहुत-बहुत बधाई|
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा,''उत्तर प्रदेश में पहले जिन लोगों ने सरकरा चलाई थी उन्होंने समय की अहमियत कभी नहीं समझी। 21वीं सदी के इस कालखंड में यूपी को तेज़ गति से प्रगति करनी थी उस अहम अवसर को पहले की सरकारों ने गंवा दिया। उनकी प्राथमिकताओं में प्रदेश का विकास नहीं था|
उन्होंने कहा,'''2014 से पहले यूपी में जितनी मेट्रो चलती थी उसकी कुल लंबाई 9 किलोमीटर थी। 2014-17 के बीच मेट्रो की लंबाई बढ़कर 18 किलोमीटर हुई। आज कानपुर मेट्रो को जोड़ें तो यूपी में मेट्रो की लंबाई अब 90 किलोमीटर से ज़्यादा हो गई है। कहां 9 किलोमीटर और कहां 90 किलोमीटर| उन्होंने कहा,''दशकों तक हमारे देश में यह स्थिति रही है कि एक हिस्से का तो विकास हुआ, दूसरा पीछे ही छूट गया। राज्यों के स्तर पर, समाज के स्तर पर इस असमानता को दूर करना उतना ही ज़रूरी है। इसलिए हमारी सरकार 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र पर काम कर रही है|
उन्होंने कहा,'''डबल इंजन की सरकार यूपी की जरूरतों को समझते हुए, दमदार काम कर रही है। यूपी के करोड़ों घरों में पहले पाइप से पानी नहीं पहुंचता था। आज हम हर घर जल मिशन से, यूपी के हर घर तक साफ पानी पहुंचाने में जुटे हैं| डबल इंजन की सरकार पूरी ईमानदारी से, पूरी जवाबदेही के साथ यूपी को विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचाने के लिए काम कर रही है। डबल इंजन की सरकार बड़े लक्ष्य तय करना और उन्हें पूरा करना जानती है। कौन सोच सकता था कि यूपी में बिजली के उत्पादन से लेकर ट्रांसमिशन तक में सुधार हो सकता है|
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा,''यूपी में पहले जो सरकारें रहीं, उन्होंने माफियावाद का पेड़ इतना फैलाया कि उसकी छांव में सारे उद्योग-धंधे चौपट हो गए। अब योगी जी की सरकार, कानून व्यवस्था का राज वापस लाई है। इसलिए यूपी में अब निवेश भी बढ़ रहा है और अपराधी अपनी जमानत खुद रद्द करवा कर जेल जा रहे हैं|