कानपुर: यूपी पुलिस ने पिछले 5 दिनों में कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में हुई 5 लोगों की हत्या की खबरों को 'भ्रामक व गलत बताया है| आज यानी शुक्रवार 22 जुलाई 2022 को यूपी पुलिस ने कहा,''पिछले 48 घंटे में पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में केवल तीन हत्याएं हुई है जबकि दो हत्याएं कानपुर आउटर क्षेत्र में हुई है| पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में 5 हत्या की खबर 'भ्रामक व गलत है|
यूपी पुलिस ने कहा ,''आज के समाचार पत्र में छपे समाचार कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में 14 आईपीएस ऑफ़िसर लेकिन फिर भी पिछले 48 घंटे में पाँच हत्या के संबंध में निम्नलिखित तथ्य विचारणीय हैं -
1-- पिछले 48 घंटे में समाचार पत्र द्वारा जिन पाँच घटनाओं का विवरण दिया गया है उनमें से तीन घटना कल्याणपुर , पनकी तथा चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस कमिश्नरेट है जब की समाचार में लिखी गयी अन्य 02 घटना घाटमपुर तथा बिल्हौर की है जो कानपुर आउटर का क्षेत्र है पुलिस कमिश्नरेट का नहीं।
02- पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र की उपरोक्त वर्णित तीन घटनाओं का विवरण निम्नलिखित है -
●- पनकी की घटना विवाहेतर प्रेम सम्बन्ध के वजह से हुई रंजिश का मामला है , मृतक तथा अपराधी दोनों पूर्व परिचित थे। अपराधी तीनों ही सगे भाई है जिनका पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। इस घटना में अपराधियों ने मृतक को फ़ोन कर बुलाया था तथा उसे अपने साथ सपई गाँव कानपुर देहात ले गए जहां खेतों में निर्जन क्षेत्र में हत्या कर शव को ज़मीन में गाड़ दिया।
●- दोनों ही मुख्य आपराधी 24 घंटे में गिरफ़्तार कर लिए गए तथा तीसरे की तलाश जारी है।
●- कल देर रात घटी कल्याणपुर की घटना पारिवार के भीतर का विवाद है जिसमें परिवार के एक पक्ष द्वारा घटना कारित की गयी है। इस घटना में एक आपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है
●- 20 जुलाई को चकेरी में घटित घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु शरीर में आग लगने से हुई थी जिस घटना के दोनों अभियुक्तों को तत्काल गिरफ़्तार कर लिया गया , विधिसम्मत सभी कार्यवाहियाँ की गयी है। गिरफ़्तार अभियुक्तों का कोई भी पूर्व का आपराधिक इतिहास नहीं है।
03-.पनकी तथा चकेरी की घटना के सभी अभियुक्त गिरफ्तार किए जा चुके है , इन अभियुक्तों का कोई भी आपराधिक इतिहास नहीं है। वहीं कल्याणपुर की घटना का एक अभियुक्त गिरफ़्तार कर लिया गया है तथा शेष अभियुक्तों की गिरफ़्तारी हेतु टीमें कार्यरत हैं।
04-.समाचार में लिखा गया है कि पुलिस कमिश्नरेट में कुल 14 आईपीएस अधिकारी है जब कि वर्तमान में पुलिस कमिश्नरेट में कुल आठ आईपीएस अधिकारी है। समाचार पत्र में प्रकाशित 14 IPS अफसर के रहते हुए 120 घंटे में 5 हत्या की खबर भ्रामक व गलत है। इस प्रकार की खबरों को प्रचारित व प्रसारित कर समाज में भय और भ्रान्ति फैलाने का काम न करें।