कोलकाता: पेट्रोल-डीजल और एलपीजी के दाम में बढ़ोतरी को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी एलपीजी और डीजल के दाम में बेतहाशा वृद्धि करती है और जैसे ही चुनाव नजदीक आते हैं वह इसे कम करना शुरू कर देते हैं। ममता ने कहा कि महंगाई के मार से जनता त्रस्त है लेकिन सरकार हमेशा राजनीति करती है। ममता बनर्जी ने कहा कि सरकार गरीबों पर ध्यान दे और उनके लिए पर्याप्त सुविधाएं भी दें।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि,''वे (भाजपा) हर दिन रसोई गैस और डीजल की कीमतें बढ़ा रहे हैं। यह चिंता का विषय है। केंद्रीय सरकार केवल कुछ दिनों के लिए कीमतों को कम करेगी जब चुनाव नजदीक आते हैं| बनर्जी ने कहा कि,''मुझे जादवपुर से शिकायत मिली कि उन्हें निजी नंबर से फोन आ रहे हैं कि वे किसे वोट देने जा रहे हैं और टीएमसी को गाली भी दे रहे हैं। मैं लोगों से इस संबंध में शिकायत दर्ज करने का अनुरोध करती हूं। जांच की जाएगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी|
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाए कि BJP के आईटी प्रकोष्ठ के सदस्य टीएमसी का सदस्य होने का ढोंगकर लोगों को फोन कर रहे हैं और उनकी पार्टी की छवि खराब कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने कोलकाता पुलिस से इस पर गौर करने के लिए कहा है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि,''मृतक DYFI सदस्य के परिवार ने शिकायत दर्ज नहीं की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के बारे में सच्चाई का पता चल सकेगा। हर मौत दुःखद है। अगर परिवार चाहता है तो हम नौकरी और आर्थिक सहायता प्रदान कर सकते हैं|
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 22 वर्षीय जलवायु कार्यकर्ता दिशा रवि की गिरफ्तारी की सोमवार को निंदा की और कहा कि भाजपा सरकार को सबसे पहले अपने आईटी प्रकोष्ठ के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए जिसके बारे में मुख्यमंत्री ने झूठ फैलाने का आरोप लगाया। बनर्जी ने कहा कि सरकारी नीतियों का विरोध करने वाले किसी को भी गिरफ्तार करना स्वीकार्य नहीं है। भाजपा को सबसे पहले अपने आईटी प्रकोष्ठ के सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए जो झूठी सूचनाएं फैलाते हैं। दो तरह के नियम क्यों?