थाना तिकुनिया के बिजली उपकेन्द्र के सामने बेलरायां की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने तिकुनिया कस्बे से एक ही बाइक पर स्कूल जा रहे छात्रों को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों छात्र काफी दूर घिसटते चले गए और लहूलुहान हो गए।
सड़क पर बिखरे खून को देखकर लोग सिहर उठे। छात्रों की पहचान मुकेश जैन के 16 वर्षीय पुत्र शिवांग जैन और प्रताप के 17 वर्षीय पुत्र आर्यन के रूप में हुई।
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर थाना तिकुनिया पुलिस मौके पर पहुंची और शिनाख्त के बाद परिवार वालों को बुलाने के साथ ही गंभीर घायलों को पीएचसी भिजवाया।
जहां से दोनों को सीएचसी निघासन रेफर कर दिया गया। सीएचसी निघासन ले जाते समय ही आर्यन ने दम तोड़ दिया। सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने आर्यन को मृत घोषित कर दिया,
जबकि शिवांग को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। जिला अस्पताल ले जाते समय शिवांग ने भी दम तोड़ दिया।
इसकी सूचना जब कस्बे में पहुंची तो यहां शोक छा गया। छात्रों की मौत से परिवार वालों में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक अमित भदौरिया ने बताया कि
कोहरे के कारण दर्दनाक हादसा हुआ है। डंपर को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।