● योगीराज में संस्थागत उत्पीड़न झेल रहा दलित-पिछड़ा समाज: अजय कुमार लल्लू
● कांग्रेस अनुसूचित जाति के चेयरमैन आलोक प्रसाद की गिरफ्तारी अलोकतांत्रिक ही नही दलित समाज के उत्पीड़न की सोची समझी रणनीति का हिस्सा है: अजय कुमार लल्लू
● कांग्रेस आज सम्पूर्ण विपक्ष की भूमिका निभा रही है, आलोक प्रसाद की गिरफ्तारी उसी मनोबल को तोड़ने का परिणाम है: आर के चौधरी
● दलित-पिछड़ा समाज न झुका है न झुकेगा, लड़ा है जम कर लड़ेगा, आलोक प्रसाद की कायरतापूर्ण गिरफ्तारी के खिलाफ: आर के चौधरी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कांग्रेस अनुसूचित जाति के चेयरमैन अलोक प्रसाद की अलोकतांत्रिक गिरफ़्तारी और प्रदेश की योगी सरकार की चौतरफा फेल होने से उपजी हताशा के चलते उत्पीड़न पर आवाज़ उठाने वाली कांग्रेसजन की आवाज़ को हर संभव तरीके से दबाने से कृत्य की कड़ी आलोचना करते हुए योगी सरकार को दलित-पिछड़ा विरोधी करार दिया।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने आज मुख्यालय में आहूत एक प्रेस कांफ्रेंस में मौजूदा योगी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए योगी सरकार को दलित-पिछड़ा विरोधी मानसिकता वाली सरकार करार दिया । अजय कुमार लल्लू ने कहा कि आज कांग्रेस ही हर मोर्चे पर फेल योगी सरकार की नाकामियों और उत्पीड़न पर आवाज़ बुलंद कर रही है जिसके चलते राजनैतिक द्वेष और वैमनस्यतापूर्ण कार्यवाही करते हुए योगी सरकार ने कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन अलोक प्रसाद को फर्जी मुक़दमे लाद कर जेल में डालने का कम किया है ।
पूर्व मंत्री और वरिष्ट कांग्रेस नेता आर के चौधरी ने आगे कहा कि कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग चेयरमैन अलोक प्रसाद एक प्रतिष्ठित परिवार से है , उनके पिता जी श्री सुखदेव प्रसाद जी राजस्थान के गवर्नर रह चुके है । ऐसे में एक सम्मानित परिवार का सदस्य ऐसी घटना में लिप्त नहीं हो सकता है ।
उन्होंने आगे कहा कि मामला सिर्फ अलोक प्रसाद जी का ही नहीं है, पिछले दिनों लखनऊ में हुए आत्मदाह के मामले में कांग्रेस के प्रवक्ता और जवाहरलाल नेहरु विवि के रिसर्च स्कॉलर रहे अनूप पटेल को भी झूठे मुक़दमे में फंसा कर जेल में डाल रहा है। पूर्व में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन शाहनवाज़ आलम को भी फर्जी मुक़दमे में फंसा कर जेल भेजा था।
वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने आगे कहा कि मौजूदा सरकार दलित-पिछड़ा विरोधी है, पर दलित-पिछड़ा समाज न झुका है न झुकेगा, लड़ा है जम कर लड़ेगा। आलोक प्रसाद की कायरतापूर्ण गिरफ्तारी के खिलाफ समाज सड़क से लेकर सदन तक सरकार को घेरेगा।पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के पूर्व विधायक गयादीन अनुरागी व प्रवक्ता अशोक सिंह भी उपस्थित थे।