लखनऊ: यूपी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को लखनऊ स्थित कैंसर अस्पताल का लोकार्पण कर दिया। राजधानी में सुपर स्पेशियलिटी कैंसर इंस्टीट्यूट एण्ड हास्पिटल का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व रक्षा मंत्री तथा स्थानीय सांसद राजनाथ सिंह द्वारा लोकार्पण करने से समाजवादी पार्टी ने आपत्ति दर्ज कराई है।
लखनऊ में सुपर स्पेशिलिटी कैंसर इंस्टीट्यूट एंड हॉस्पिटल के लोकार्पण के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा,''' भाजपा सरकार सपा के काम का फीता काटने के लिए ही बनी है। उन्होंने कहा,'''सपा के लखनऊ में बनाए ‘सुपर स्पेशिलिटी कैंसर इंस्टीट्यूट एंड हॉस्पिटल’ के लोकार्पण पर जनता को बधाई। उप्र की जनता के लिए किए गये सपा के जनहितकारी कामों में ये भी एक मील का पत्थर है. लगता है उप्र की भाजपा सरकार सपा के काम का फीता काटने के लिए ही बनी है| अखिलेश यादव ने अस्पताल के साथ अपनी तस्वीर भी शेयर की है।
अखिलेश यादव ने कहा कि,''वस्तुतः भाजपा के पास कोई योजना नहीं होने से इसका नेतृत्व हताशा में डूब गया है। मुख्यमंत्री जी ने यह फार्मूला अपना रखा है ‘जनता के नाम जो समाजवादी पार्टी का काम, बस उसे कर लेना है अपने नाम।‘ समाजवादी सरकार ने कैंसर अस्पताल बनवाया, चार साल होने को है भाजपा सरकार सोई रही। अब जब बिदाई की बेला आ गई है तो मुख्यमंत्री जी और रक्षामंत्री जी, जो लखनऊ के सांसद भी हैं, समाजवादी सरकार के काम पर अपने नाम का पत्थर लगवा रहे है। जनता की याददाश्त इतनी खराब नही कि वह साढ़े तीन साल में ही कैंसर अस्पताल के निर्माणकर्ता का नाम भूल जाए।
अखिलेश यादव ने कहा कि,''सुपर स्पेशियलिटी कैंसर इंस्टीट्यूट ऐण्ड हास्पिटल का लोकार्पण वास्तव में समाजवादी सरकार के समय हो चुका था अब उसी का पुनः लोकार्पण भाजपा सरकार में करने की क्या आवश्यकता है? साढ़े तीन वर्ष में ये सिर्फ ओपीड़ी चालू कर रहे है। अपनी कमी छुपाने के लिए यह नया कारनामा हैं। उत्तर प्रदेश की जनता के लिए समाजवादी सरकार के जनहितकारी कामों में लखनऊ का कैंसर अस्पताल भी एक मील का पत्थर है। भाजपा सरकार लगता है सिर्फ समाजवादी पार्टी की सरकार के कामों का फीता काटने के लिए ही बनी है|
अखिलेश यादव ने कहा कि,'''भाजपा नेतृत्व यह नहीं भूले कि जनता भी सच जानती और पहचानती है। जैसे ही विधानसभा चुनाव 2022 की घड़ी आएगी, वह अपने मतों से दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी। समाजवादी पार्टी की सरकार के कामों पर भाजपा अपने झूठे मुलम्मे लगाकर जनता को धोखा नहीं दे पाएगी। झूठ टिकता नहीं और सच छुपता नहीं, यह एक शाश्वत यथार्थ है।