लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव दिखेंगे। समाजवादी पार्टी की विधायक दल की बैठक में फैसला हुआ है| समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव को सपा विधायक दल का नेता और विपक्ष का नेता चुना गया है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने बताया,''अखिलेश यादव जी को सपा विधायक दल का नेता चुना गया है। नेता प्रतिपक्ष की कार्यवाही विधानसभा में होगी|
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने अखिलेश यादव को नेता चुने जाने की जानकारी दी गई। नरेश उत्तम पटेल ने दावा किया है कि यूपी विधानसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई। मतदान परिणाम को प्रभावित करने का प्रयास किया गया। सत्ता बल का दुरुपयोग किया गया। चुनाव में जीतने वाले हार गए और हारने वाले जीत गए।
सपा की ओर से अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए गए। कहा गया कि सत्ता के प्रभाव में आकर अधिकारियों ने हारे हुए प्रत्याशियों को जिताने का कार्य किया। मतगणना को प्रभावित किया गया।
सपा ने कहा कि भाजपा दोहरे चरित्र की पार्टी है। महंगाई को कम करने का दावा किया गया, लेकिन पांच साल बाद भी इसे कम करने में मदद नहीं मिली है। बेरोजगारी को दूर करने में सफलता नहीं मिली है। टैक्स के पैसे का गलत प्रयोग किया जा रहा है। समाज में आर्थिक विषमता बढ़ रही है। किसानों को सबसे अधिक परेशान किया गया। उन्हें एमएसपी की गारंटी नहीं दी जा रही है। भाजपा सरकार ने इसकी गारंटी नहीं दी। स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट के आधार पर किसानों की आय को बढ़ाने का दावा किया गया, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।