लखनऊ: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “हमने 2024 के लिए भारतीय जनता पार्टी को काम दे दिया है कि वह मैनपुरी मॉडल पढ़ें। मैनपुरी मॉडल और वहां के लोगों ने गुजरात मॉडल फेल किया। मुझे उम्मीद है कि जिस तरह से मैनपुरी में ज़मीन पर काम हुआ अगर यही काम लोक और विधान सभा में होगा तो परिणाम देखने वाले होंगे|
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोज़गारी चरम पर है। यूपी की योगी सरकार निवेश के नाम पर झूठे सपने दिखा रही है इसलिए अगर जरूरत पड़ी तो समाजवादी पार्टी आंदोलन करेगी या जेल भरो अंदोलन करेगी। जिस विश्विद्यालय में कोई छात्र नहीं है उससे हजारों करोड़ का MoU साइन करके आए हैं|
बता दें ,यूपी की योगी सरकार ने अमेरिका की ऑस्टिन यूनिवर्सिटी के साथ पैंतीस हज़ार करोड़ समझौता किया था, जो अब सवालों के घेरे में है| योगी सरकार ने अमेरिका की उस यूनिवर्सिटी से पैंतीस हज़ार करोड़ रूपए का MOU साइन किया, जिसमें 1 भी छात्र नहीं पढ़ता।
हाल ही में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के मंत्रियों और अधिकारियों ने अमेरिका का दौरा किया था| इस दौरान योगी सरकार के मंत्रियों ने अमेरिका की सैन फ्रांसिस्को की ऑस्टिन यूनिवर्सिटी के साथ यूपी में नॉलेज स्मार्ट सिटी बनाने के लिए समझौता किया है| ऑस्टिन यूनिवर्सिटी यूपी में 5 हजार एकड़ में नॉलेज सिटी बनाएगी| लेकिन यूपी सरकार का ये समझौता सवालों के घेरे में है|
रिपोर्ट्स के मुताबिक यूपी सरकार के समझौते में जिस ऑस्टिन यूनिवर्सिटी का जिक्र है, उसमें एक भी छात्र नहीं पढ़ता| यूनिवर्सिटी की मान्यता ही रद्द हो चुकी है| ऑस्टिन यूनिवर्सिटी में अभी 25 फैकल्टी मेंबर ही हैं|
कैलिफॉर्निया डिपार्टमेंट ऑफ कंज्यूमर अफेयर्स के आदेश के मुताबिक, ऑस्टिन यूनिवर्सिटी को 2011 में प्राइवेट एजुकेशन इंस्टीट्यूट चलाने की अनुमति मिली थी| इसे 8 दिसंबर 2022 को रद्द कर दिया गया| इतना ही नहीं यूनिवर्सिटी पर 9965 डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया|