लखनऊ: बसपा प्रमुख मायावती ने बुधवार को लखनऊ के आशियाना स्थित पार्क में बसपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में दलित उत्पीड़न बढ़ा है। भाजपा का अल्पसंख्यकों के साथ भी रवैया ठीक नहीं है। आरक्षण के नियमों को भी अनदेखा किया जा रहा है। मायावती ने कहा कि बेरोजगारी के कारण यूपी में पलायन हुआ। कोरोना में अव्यवस्था हावी रही। भाजपा-सपा सरकार से निजात पाना अब जरूरी है।
लखनऊ के आशियाना में बसपा प्रमुख मायावती ने कहा,''सपा और भाजपा की बनी सरकारों में उत्तर प्रदेश की जनता अधिकांश मामलों में दुखी रही हैं। सपा की सरकार में तो यहां ज़्यादातर गुडों, बदमाशों, माफियाओं, अराजकतत्वों व सरेआम लूट-घसोट करने एवं दंगे-फसाद कराने वालों का राज रहा है| यहां तक कि विकास कार्य भी केवल एक विशेष क्षेत्र और विशेष समुदाय तक ही सीमित थे|
मायावती ने कहा,''हमें यूपी में समाजवादी पार्टी और बीजेपी को सत्ता में आने से रोकना होगा। भाजपा सरकार अपनी जातिवादी और पूंजीवादी नीतियों और आरएसएस के संकीर्ण सोच वाले एजेंडे को लागू करने में व्यस्त है। धर्म के नाम पर है नफरत और तनाव का माहौल| उन्होंने कहा कि जाति और धर्म के नाम पर भाजपा सरकार में लोगों का शोषण हो रहा है। बसपा सरकार में किसी भी कीमत पर इस तरह का शोषण नहीं होने दिया जाएगा। सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय के लिए बसपा को सत्ता में लाना बहुत जरूरी है। 2007 की ही तरह ओपिनियन पोल और सर्वे गलत साबित होंगे।