नई दिल्ली: मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव बुधवार सुबह भाजपा में शामिल होंगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अपर्णा यादव दिल्ली में सीएम योगी की मौजूदगी में सुबह दस बजे भाजपा की सदस्यता लेंगी।माना जा रहा है कि अपर्णा को लखनऊ कैंट से ही प्रत्याशी बनाया जाएगा।
हरियाणा बीजेपी के आईटी सेल हेड अरुण यादव ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि मुलायम सिंह के छोटे पुत्र प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव कल (बुधवार) सुबह 10 बजे, योगी जी की मौजूदगी में भाजपा Join करने जा रही हैं।।
साल 2017 में सपा के टिकट पर लड़ा था चुनाव
अपर्णा यादव ने 2017 का विधानसभा चुनाव लखनऊ कैंट सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर लड़ा था| उन्हें बीजेपी की रीता बहुगुणा जोशी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था| उनके लिए अखिलेश यादव ने प्रचार भी किया था| रीता बहुगुणा जोशी के सांसद चुने जाने के बाद हुए उपचुनाव में भी बीजेपी ने यह सीट जीत ली थी|
प्रतीक यादव की पत्नी हैं अपर्णा
बता दें कि अपर्णा मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना यादव के बेटे प्रतीक यादव की पत्नी हैं| उनके पिता अरविंद सिंह बिष्ट एक पत्रकार रहे हैं| समाजवादी पार्टी की सरकार में उन्हें सूचना आयुक्त बनाया गया था| वहीं उनकी मां अंबी बिष्ट लखनऊ नगर निगम में अधिकारी हैं|