लखनऊ: UP Assembly Election 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सीमा कुशवाहा ने बहुजन समाज पार्टी (BSP) का दामन थाम लिया है| सीमा कुशवाहा लखनऊ में बहुजन समाज पार्टी में शामिल हुई। सीमा कुशवाहा ने 2012 में हुए निर्भया गैंगरेप की वक़ालत की है।
सीमा समृद्धि कुशवाहा उत्तर प्रदेश के इटावा की रहने वाली हैं| उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से वकालत की पढ़ाई की है, जिस वक्त निर्भया के साथ यह दर्दनाक घटना हुई उस वक्त सीमा कोर्ट में ट्रेनिंग कर रहीं थी| जैसे ही उन्हें इस केस का पता चला उन्होंने बिना पैसे के इस केस को लड़ने का फैसला किया|
इस मामले में दोषियों को मौत की सजा दिए जाने के सालों बाद सीमा कुशवाहा ने हाथरस रेप और मर्डर केस में इंसाफ की लड़ाई लड़ी थी। उन्होंने बलात्कार पीड़ितों के लिए नि:शुल्क लड़ने के लिए एक अभियान भी शुरू किया|
यूपी में सात चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं| यूपी में पहले चरण का चुनाव 10 फरवरी को होगा, जिसमें कुल 58 सीटों पर मतदान किया जाएगा| इसके बाद दूसरे चरण का मतदान 14 फरवरी को होगा जिसमें राज्य की 55 सीटों पर वोटिंग होगी, तीसरे चरण में 20 फरवरी को 59 सीटों पर मतदान होगा, चौथे चरण में 23 फरवरी को 60 सीटों पर मतदान, पांचवें चरण में 27 फरवरी को 60 सीटों पर, छठे चरण में 3 मार्च को 57 सीटों और सातवें फेज में 7 मार्च को 54 सीटों पर मतदान किया जाएगा|