लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी में लखनऊ में पालतू कुत्ते ने अपनी मालकिन को ही नोच-नोच कर मार डाला| लखनऊ के कैसरबाग इलाके में एक पालतू पिट बुल कुत्ते ने अपनी 82 वर्षीय मालकिन को बुरी तरह नोच लिया, जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद नगर निगम की टीम पिटबुल डॉग को लेने पहुंची|
पशु कल्याण के संयुक्त निदेशक डॉ अरविंद राव ने कहा कि ,''हमारी टीम उस पिट बुल कुत्ते को पकड़कर ले आई है। हम उसके व्यवहार की स्टडी करेंगे कि क्यों उसका इस तरीके का स्वभाव उत्पन्न हुआ और उसने अपनी मालकिन को काटा|
जानकारी के मुताबिक, सेवानिवृत्त शिक्षिका सुशीला त्रिपाठी (82) अपने घर की छत पर थीं, तभी उनके पालतू कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया| बाद में घर की नौकरानी ने उन्हें खून से लथपथ पाया | महिला को पास के अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया|
कुत्ते के मालिक अमित त्रिपाठी ने बताया, "मैं काम पर गया था जब मुझे इसकी सूचना मिली तो मैं घर आया, तब तक मेरी मां के साथ ये हादसा हो चुका था।"
सुशीला त्रिपाठी नारी शिक्षा निकेतन में शिक्षिका के तौर पर तैनात रही थीं| पति आरएन त्रिपाठी की काफी समय पहले मौत हो चुकी है| महिला अपने छोटे बेटे अमित के साथ रहती थी| बेटा अमित जिम में ट्रेनर है। परिवार के पास पिटबुल सहित दो पालतू कुत्ते थे, इसमें से पिटबुल ने उन पर हमला किया था| अमित तीन साल पहले दो कुत्ते पालने के लिए लाया था। इसमें एक लेब्राडोर तो दूसरा पिटबुल नस्ल का था।
आपको बता दें कि,''पिटबुल नस्ल अमेरिकी शिकारी कुत्ते की नस्ल है। यह बुलडॉग और टेरियर नस्ल की क्रास ब्रीडिंग से पैदा होते हैं। यह काफी खतरनाक होते हैं, इसलिए कई देशों में पिटबुल प्रजाति के कुत्ते को रिहायशी इलाकों में पालने पर भी प्रतिबंध है।