लखनऊ: UP Assembly Election 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान के बाद सत्ता और विपक्षी पार्टियों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और भी तेज हो गया है| उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा मथुरा में बिना सड़क बने ही लोकार्पण को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने हमला बोला है| दरअसल ,''उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मथुरा जनपद के सौंख क्षेत्र के गांव नगला बेरू में जिस सड़क का निर्माण तक नहीं हुआ, उसका लोकार्पण कर दिया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी गांव में विगत दिनों सड़क के लोकार्पण की शिलापट्टिका भी लगा गए। इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।
इस खबर पर समाजवादी पार्टी ने ट्विटर पर लिखा,''भ्रष्टाचार में सराबोर भाजपा सरकार का एक और कारनामा। मथुरा में सड़क बनी नहीं, लेकिन उपमुख्यमंत्री ने लखनऊ से उसका लोकार्पण भी कर दिया। समाजवादी पार्टी ने कहा,''उपमुख्यमंत्री 5 साल से प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त कर रहे हैं लेकिन इनसे गड्ढा मुक्ति नही हो पाई। 10 मार्च, भाजपा साफ!
बता दें कि, लखनऊ में बैठे-बैठे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और लोक निर्माण राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने उस सड़क का लोकार्पण भी कर दिया, जो बनी ही नहीं। सड़क के लोकार्पण की पट्टिका यही बयान कर रही है। शिला पट्टिका में सांसद हेमा मालिनी और विधायक कारिंदा सिंह का नाम भी अंकित है। नगला बेरू में चार किमी संपर्क मार्ग के विशेष मरम्मत कार्य के लिए सरकार द्वारा 23 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की थी, अभी तक यहां मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया है और लोकार्पण हो भी गया।