लखनऊ: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र सरकार द्वारा 2021-22 के लिए पेश किए गए केंद्रीय बजट को सर्वसमावेशी और आत्मनिर्भर भारत की मंशा के अनुरूप बताया है। उन्होंने कहा कि,''वर्तमान आम बजट लोक कल्याणकारी, सर्वसमावेशी तथा 'आत्मनिर्भर भारत' की मंशा के अनुरूप है। बजट में किसान, मध्य वर्ग, गरीब, महिलाओं समेत प्रत्येक वर्ग का ख्याल रखा गया है। यह अर्थव्यवस्था को गति देने एवं देश के हर नागरिक को आर्थिक रूप से सशक्त करने का कार्य करेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि,'बजट में किसान, मध्य वर्ग, गरीब और महिलाओं समेत प्रत्येक वर्ग का ख्याल रखा गया है। केंद्रीय बजट वास्तव में सर्वकल्याणकारी और समाज के प्रत्येक तबके के हितों का संवर्धन करने वाला बजट है। इसमें किसानों, नौजवानों, महिलाओं, गरीबों के लिए बहुत से प्रावधान किए गए हैं|
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि,''केंद्रीय बजट राजमार्गों की क्षमता के विस्तार, रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को नई गति देने, ऊर्जा क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन लाने की दिशा में किए जा रहे नए प्रयासों और देश के इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर केंद्रित है| राष्ट्रीय रोग नियंत्रण की दृष्टि से जिस प्रकार की कार्ययोजनाएं बनाई गई हैं, वह अभिनंदनीय हैं। जल जीवन मिशन में ग्रामीण के अलावा शहरी क्षेत्र को जोड़ने के साथ ही जो अन्य प्रावधान किए गए हैं, वह भी स्वागत योग्य हैं|
उन्होंने कहा कि,''देश में कृषि के बाद टेक्सटाइल क्षेत्र सर्वाधिक रोजगार प्रदान करने वाला क्षेत्र है। इसके अंतर्गत देश में 7 मेगा टेक्सटाइल पार्क की घोषणा स्वागत योग्य है। वहीं, ऊर्जा क्षेत्र में हाइड्रोजन एनर्जी मिशन की घोषणा आमूल-चूल परिवर्तन का कारण बनेगी| MSME सेक्टर निवेश के ग्रोथ इंजन माने जाते हैं, इसके लिए विशेष प्रोत्साहन देना स्वागत योग्य है|
मुख्यमंत्री ने कहा कि,देश के पहले पेपरलेस बजट में डिजिटल जनगणना की भी घोषणा की गई है। इससे किसी भी प्रकार की धांधली की गुंजाइश नहीं होगी एवं देश के सामने सही तथ्य सामने आएंगे| 100 सैनिक स्कूलों को राज्य सरकार या पीपीई मॉडल के साथ बनाने की घोषणा अत्यन्त स्वागत योग्य है। शिक्षा के क्षेत्र में अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए स्कॉलरशिप की घोषणा अत्यन्त लाभकारी साबित होगी|
उन्होंने कहा कि,''यह केंद्रीय बजट सबका साथ, सबका विकास व सबके विश्वास पर पूरी तरह से खरा उतरेगा| मैं विश्वास व्यक्त करता हूं कि यह बजट नए भारत की नई अर्थनीति के अनुरूप आमजन की आशा एवं आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करने व भारत को दुनिया की आर्थिक ताकत के रूप में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा|
अंत्योदय की भावना को साकार करता वर्तमान आम बजट अभिनंदन योग्य है। यह भारतीय अर्थव्यवस्था के उन्नयन में मील का पत्थर साबित होगा। इसके माध्यम से समाज के सभी वर्गों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।आज का आम बजट न केवल आम आदमी के सपने साकार करने, आमजन की आकांक्षाओं को आकार देने और देशवासियों की आशाओं को पूर्ण करने वाला है बल्कि देश को समृद्ध एवं शक्तिशाली राष्ट्र बनाने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। अर्थव्यवस्था का 'ग्रोथ इंजन' कहे जाने वाले MSME क्षेत्र के लिए बजट में ₹15,700 करोड़ की घोषणा, रोजगार के अनेक अवसरों के सृजन के साथ 'आत्मनिर्भर भारत' की संकल्पना को साकार करेगा।