मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के थाना दन्नाहार क्षेत्र में हुई लूट एवं हत्या में मामले में एक और ₹25 हजार के पुरस्कार घोषित अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं, एक साथी फरार हो गया। गिरफ्तार अपराधी के पास से लूट की नकदी भी बरामद हुई है। आरोपियों ने 22 जुलाई को दन्नाहार क्षेत्र में एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक अमीर सिंह की 2 लाख रुपये लूटकर हत्या कर दी थी।
ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से 2 लाख की लूट के बाद हत्या मामले में सोमवार को (25 जुलाई को ) तीन आरोपियों (राजू , सोनू और रतनवीर)को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि एक साथी विनय शाक्य फरार था। फरार आरोपी विनय शाक्य को भी मंगलवार की रात (26 जुलाई) में पुलिस मुठभेड़ गिरफ्तार कर लिया गया|
मैनपुरी के एसपी कमलेश दीक्षित ने कहा ‘‘ थाना दन्नाहार क्षेत्र में एक व्यक्ति से 2 लाख रुपये लूटकर हत्या की गई थी। मामले में 4 लोगों का नाम प्रकाश में आया था जिनमें से प्रत्येक पर 25 हज़ार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इनमें से 3 लोग कल मुठभेड़ में गिरफ़्तार हुए थे|
दीक्षित ने कहा ‘‘मामले में चौथे अभियुक्त के बारे में सूचना मिली। जब पुलिस ने घेराबंदी की तब अभियुक्त ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त को पैर में गोली लगी है। उपचार के लिए उसे अस्पताल भेजा गया है। इसका एक साथी फरार हो गया। एक तमंचा और 30,000 रुपए बरामद हुए हैं|
पुलिस के मुताबिक ,' पुलिस को 22 जुलाई की रात 10 बजे सूचना मिली थी कि दन्नाहार थाना क्षेत्र के जौहरी नहरपुल के पास एक कार खड़ी है। इस पर खून के धब्बे दिखाई दे रहे हैं। पुलिस को कार से बादशाहपुर के एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक अमीर सिंह का शव खून से लथपथ मिला था। परिजनों ने मामले में परिजनों ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। जांच के दौरान पुलिस को बदमाशों की सीसीटीवी फुटेज मिली। पुलिस ने उनकी शिनाख्त कर तलाश शुरू कर दी।
लूट एवं हत्या में मामले में पुलिस ने सोमवार को राजू यादव निवासी मोहल्ला शाक्यान घिरोर, सोनू निवासी नगला इंद्र और रतनवीर निवासी कस्बा घिरोर को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन तमंचा कारतूस एक लाख दस हजार रुपए बरामद किया था।