Manipur Assembly Election 2022: भाजपा ने मणिपुर की सभी 60 विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। इस बार BJP ने 4 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को भी टिकट दिया है। मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह हिंगांग विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। मणिपुर में दो चरणों में 27 फरवरी और 3 मार्च को चुनाव होंगे। नतीजे 10 मार्च को आएंगे।
कई नेताओं के टिकट कटे, इस्तीफे और प्रदर्शन का दौर शुरू
उम्मीदवारों के नामों का ऐलान होते ही मणिपुर में कई जगह विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। कई नेताओं के टिकट काटे भी गए हैं। इससे नाराज समर्थकों ने PM नरेंद्र मोदी और CM बीरेन का पुतला फूंका और प्रदर्शन किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक लिस्ट से नाराज कई नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा भी दे दिया है।
कांग्रेस भी जारी कर चुकी है लिस्ट
मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पहले ही 40 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है| इनमें पूर्व मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एन लोकेन सिंह के नाम शामिल हैं| पार्टी की ओर से घोषित उम्मीदवारों की सूची के अनुसार, इबोबी सिंह को उनकी वर्तमान सीट थाउबल से ही उम्मीदवार बनाया गया है| इसी तरह लोकेन सिंह को नामबोल से टिकट दिया गया है जहां से वर्तमान में वह विधायक हैं| प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष के. मेघचंद्र सिंह को वांगखेम विधानसभा क्षेत्र और रतन कुमार सिंह को मयांग, इम्फाल से उम्मीदवार बनाया गया है|
मणिपुर की 60 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में चुनाव
मणिपुर की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में चुनाव होगा। पहले चरण में 27 फरवरी और दूसरे चरण में तीन मार्च को मतदान होना है, जबकि मतगणना 10 मार्च को होगी। चुनाव आयोग के मुताबिक, चुनाव के पहले चरण के लिए 1 फरवरी को नोटिफिकेशन जारी होगा। इस चरण के प्रत्याशियों के लिए नामांकन करने की अंतिम तारीख 8 फरवरी और नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 11 फरवरी होगी।
मणिपुर में दूसरे चरण के मतदान के लिए 4 फरवरी को नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। इस चरण में प्रत्याशी 11 फरवरी तक नामांकन कर पाएंगे और नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 16 फरवरी होगी। चुनाव आयोग ने कुछ दिनों पहले बताया था कि राज्य में 57 प्रतिशत से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। वहीं 43% से ज्यादा लोगों को दोनों डोज लग चुकी हैं।