मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में लड़की के परिवार द्वारा शादी के प्रस्ताव से इंकार करने पर लड़के ने आत्महत्या करने की कोशिश की। युवती ने शादी के लिए मना कर दिया तो युवक ने ब्लेड से गला रेतकर खुदकुशी की कोशिश की है, साथ ही युवती पर युवक ने हमला कर दिया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। वहीं, सूचना मिलने से मौके पर पहुंची पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कारवाई कर रही है।
SP ग्रामीण त्रिगुण विशेन ने कहा, "युवक के गले पर चोट पाई गई है। पुलिस की टीम को गांव में भेजा गया है। जांच जारी है, जांच का परिणाम आते ही कार्रवाई की जाएगी।"
जानकारी के अनुसार, मामला मथुरा के नागला का है, जहां एक युवक गांव की ही युवती से प्यार करता था। युवक कई बार युवती को प्रपोज कर चुका था, लेकिन युवती उसे मना कर चुकी थी। सोमवार को युवक ने फिर से लड़की से सरेआम प्रपोज किया। लड़की के हमेशा की तरह उसे मना कर दिया। युवती की ओर से ना सुनते ही युवक बौखला गया और उसने ब्लेड से खुद पर हमला कर लिया। साथ ही उसने लड़की पर भी जानलेवा हमला किया, जिससे वह भी घायल हो गई|