मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना के पास शनिवार को IAF के दो लड़ाकू विमान -एक सुखोई-30 और मिराज 2000 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गए हैं। दोनों विमानों ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर हवाई ठिकाने से उड़ान भरी थी। वहां अभ्यास चल रहा था। दुर्घटना के दौरान Su-30 में 2 पायलट थे जबकि मिराज 2000 में एक पायलट था। प्रारंभिक रिपोर्ट बताती है कि 2 पायलट सुरक्षित हैं। एक IAF हेलिकॉप्टर तीसरे पायलट के स्थान पर जल्द ही पहुंच रहा है|
दोनों विमानों ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर एयरबेस से उड़ान भरी थी, जहां अभ्यास चल रहा था। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) आदर्श कटियार ने बताया कि दुर्घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा, "यह स्पष्ट नहीं है कि विमान आपस में टकराए या नहीं।"
मुरैना के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राय सिंह नरवरिया ने कहा, “विमान और उसमें मौजूद लोगों की संख्या के बारे में पुष्टि करने के लिए वायु सेना की एक टीम मौके पर पहुंच रही है। पुलिस को विमान के पास एक हाथ मिला है।”
मुरैना के कलेक्टर अंकित अस्थाना ने कहा, “सुखोई विमान के दोनों पायलट को एयरलिफ्ट करके मिलिट्री हॉस्पिटल ग्वालियर पहुंचाया गया है। मिराज विमान के पायलट के लिए कई देर तक सर्च अभियान चला। अभी पुष्टि नहीं हुई है लेकिन जो रिपोर्ट आ रही है उससे परिलक्षित हो रहा है कि पायलट की मृत्यु हो गई है|
जांच के आदेश
IAF ने कहा, “भारतीय वायुसेना के दो लड़ाकू विमान आज सुबह ग्वालियर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गए। विमान नियमित परिचालन उड़ान प्रशिक्षण मिशन पर थे। इसमें शामिल तीन पायलटों में से एक को घातक चोटें आईं। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं|
एक पायलट के मिले कुछ अवशेष
मुरैना SP आशुतोष बागरी ने कहा, “आज सुबह 2 विमान मिराज और सुखोई ग्वालियर से उड़े थे..एक विमान में 2 पायलट और दूसरे में 1 पायलट था। 2 पायलट को रेस्क्यू किया गया। एक पायलट के कुछ अवशेष मिले हैं..विमान के कुछ हिस्से भरतपुर में भी मिले हैं जिसके बारे में पता किया जा रहा है|
रक्षा मंत्री ने CDS और वायुसेना प्रमुख से घटना की जानकारी ले
मध्य प्रदेश के मुरैना के पास सुखोई-30 और मिराज 2000 विमान दुर्घटना में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, CDS जनरल अनिल चौहान और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी के संपर्क में हैं और उनसे घटना की जानकारी ले रहे हैं|
मुख्यमंत्री ने स्थानीय प्रशासन को दिया निर्देश
मुरैना के पास सुखोई-30 और मिराज 2000 विमान दुर्घटना पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर स्थानीय प्रशासन को राहत और बचाव अभियान में भारतीय वायुसेना की मदद करने का निर्देश दिया है। चौहान ने हिंदी में ट्वीट किया,''मुरैना के कैलारस के पास वायुसेना के सुखोई-30 और मिराज-2000 विमानों के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर अत्यंत दुखद है। मैंने स्थानीय प्रशासन को त्वरित बचाव एवं राहत कार्य में वायुसेना के सहयोग के निर्देश दिए हैं। विमानों के पायलट के सुरक्षित होने की ईश्वर से कामना करता हूं।, ”