मुंबई: मुंबई के गोरेगांव में शुक्रवार की सुबह G+5 बिल्डिंग में लेवल 2 की आग लग गई।G+5 बिल्डिंग में आग लगने से 7 लोगों की मौत हो गई।जबकि आग की चपेट में आने से करीब 50 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है|
गोरेगांव की पांच मंजिला बिल्डिंग में शुक्रवार की सुबह आग लग गई है। इपांच मंजिला बिल्डिंग में आग लगने से कुल 51 घायलों में से अब तक 7 लोगों की मृत्यु की खबर है। जबकि 5 की हालत गंभीर है, 35 लोगों का इलाज चल रहा है और 4 घायलों को छुट्टी दे दी गई है।
इस हादसे में 30 से ज्यादा बाइक और 4 कारें भी आग की चपेट में आ गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मुंबई पुलिस के मुताबिक रेस्क्यू किए गए 5-6 लोगों की हालत गंभीर है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुंबई के गोरेगांव में आग लगने की दुर्घटना में हुई जान-माल की हानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के निकट संबंधियों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया;“मुंबई के गोरेगांव में आग लगने की दुर्घटना के कारण हुई जान-माल की हानि से बहुत दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र ठीक होने की कामना करता हूं। प्राधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।
प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये दिए जाएंगे । घायलों को 50-50 हजार रुपये दिये जायेंगे: पीएम”