नई दिल्ली: अर्णब गोस्वामी की गिरफ्तारी के बाद दिवंगत अन्वय नाइक की पत्नी अक्षिता नाइक ने महाराष्ट्र पुलिस को धन्यवाद दिया हैं| उन्होंने कहा,'बहुत धैर्य रखने के बाद अब जाकर ये दिन मेरे जीवन में आया है|
अक्षिता नाइक ने कहा,''मैं महाराष्ट्र पुलिस को धन्यवाद कहना चाहती हूं। मैंने बहुत धैर्य रखा। अब जाकर ये दिन मेरे जीवन में आया है। ये सब करने से मेरे पति और सास तो वापिस नहीं आएंगे पर वो मेरे लिए अभी भी जिंदा हैं|
बता दें कि आत्महत्या के लिए उकसाने के एक पुराने मामले में मुंबई पुलिस ने बुधवार सुबह रिपब्लिक टीवी के प्रधान संपादक अर्नब गोस्वामी पर कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया है। अर्नब गोस्वामी को महाराष्ट्र सीआईडी ने 2018 में इंटीरियर डिजाइनर अन्वय नाइक और उनकी मां कुमुद नाइक की आत्महत्या की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया है।
मुंबई पुलिस की टीम रिपब्लिक टीवी के एडिटर अर्नब गोस्वामी के घर पहुंची और उन्हें गिरफ्तार किया है| अर्नब गोस्वामी का कहना है कि मुंबई पुलिस ने उनकी सास, सुसर, बेटे और पत्नी के साथ मारपीट की। रिपब्लिक टीवी पर प्ले की गई वीडियो के मुताबिक मुंबई पुलिस ने अर्नब गोस्वामी के साथ भी मारपीट की।
रिपब्लिक टीवी के संपादक अर्नब गोस्वामी को अलीबाग पुलिस स्टेशन से ले जाते समय उन्होंने कहा,"जनता जीतेगी..हम लड़ेंगे। उद्धव ठाकरे और परमवीर मेरा कुछ नहीं कर सकते। वो मुझे चाहे जितना मारे। मैं जनता से अपील करता हूं आवाज़ उठाएं।"
यह मामला साल 2018 का है, जब 53 वर्षीय इंटीरियर डिजाइनर अन्वय नाइक और उनकी मां कुमुद नाइक ने मई 2018 में अलीबाग में आत्महत्या कर ली थी। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला था, जिसमें कथित तौर पर कहा गया कि अर्नब गोस्वामी और दो अन्य लोगों ने उन्हें 5.40 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया। इस कारण उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई और उन्हें यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा।