मुंबई: केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने शिवसेना में जारी तकरार के बीच शनिवार को उद्धव ठाकरे पर तंज कसा और दावा किया है कि असली शिवसेना एकनाथ शिंदे की है। उन्हें ही शिवसेना का चुनाव चिन्ह धनुष बाण मिलेगा और दशहरा के लिए मैदान भी मिलेगा|
केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने कहा,''जिन्हें (उद्धव ठाकरे को) मुंबई में मैदान (दशहरा के लिए) नहीं मिल रहा वे शिवसेना का नाम ले रहे हैं। हम चले गए तो उद्धव ठाकरे की शिवसेना को मैदान भी नहीं मिल रहा। असली शिवसेना (एकनाथ) शिंदे की है। आने वाले दिनों में उन्हें ही मैदान भी मिलेगा और धनुष बाण भी मिलेगा|
दरअसल, महाराष्ट्र में इन दिनों दशहरा रैली को लेकर उद्धव और शिंदे गुटों में तकरार है। दोनों गुट रैली करना चाहते हैं। शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने सोमवार, 29 अगस्त, 2022 को कहा था कि पार्टी की वार्षिक दशहरा रैली मुंबई के शिवाजी पार्क में ही होगी।
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा था कि,'शिवसेना की दशहरा रैली मुंबई के शिवाजी पार्क में होगी। इस रैली में प्रदेश भर से शिवसैनिक पहुंचेंगे। हमें नहीं पता कि हमें रैली की अनुमति मिलेगी या नहीं|
शिवाजी पार्क में ही होगी शिवसेना की दशहरा रैली: उद्धव ठाकरे बोले- अनुमति मिलेगी या नहीं...पता नहीं
गौरतलब है कि, इस साल जून में पार्टी में फूट के बाद शिवसेना की यह पहली दशहरा रैली होगी। शिवसेना विधायकों के एक समूह के विद्रोह के कारण ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार गिर गई थी। शनिवार 27 अगस्त को, उद्धव ठाकरे के बेटे और राज्य के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा था कि अधिकारी अपनी वार्षिक दशहरा रैली आयोजित करने के लिए शिवसेना के एक आवेदन को स्वीकार नहीं कर रहे हैं।