नागौर: राजस्थान के नागौर में नगर पालिका परिषद द्वारा कचरा फेंकने के लिए बनाए गए गड्ढों में भरे पानी में डूबने से 4 बच्चों की मृत्यु हो गई है। बच्चे स्टेडियम के सामने साटियों की बस्ती के रहने वाले थे। शनिवार को 3 साल का रामलाल, 3 साल की लिछमा, 4 साल का शिंभू और 3 साल की आरती खेलने के लिए आए थे।
घटना की सूचना थाना कोतवाली में दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। गड्ढे से बच्चों को निकाल कर जिला अस्पताल भिजवाया गया जहां डॉक्टर ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
SP राम मूर्ति जोशी ने कहा, "2 बालक और 2 बालिकाएं हैं। इनकी उम्र 3 से 4 साल है। मामले की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई है।"
कोतवाली पुलिस ने बताया कि रामलाल पुत्र पप्पूराम (3) निवासी कुचेरा, लिछमा पुत्री नाथूराम (3) निवासी लूणसरा, शिम्भूराम पुत्र बाबूलाल (4) निवासी लूणसरा व आरती पुत्री मोहनराम (3) निवासी लूणसरा की पानी में डूबने से मौत हुई है। बच्चे स्टेडियम के पास साटियों की बस्ती में रहते थे। यहां बच्चों के परिजन तंबू लगाकर रहते हैं। ये लोग घुमक्कड़ हैं और नमक बेचकर या छोटा-मोटा रोजगार कर जीवन बिताते हैं।