नासिक: महाराष्ट्र के नासिक में आज, शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया| एक बस के ट्रक में टकरा जाने से बस में आग लग गई, जिससे उसमें बैठे 12 यात्रियों (11 व्यस्क और 1 बच्चा) की मौके पर ही मौत हो गई और 38 घायल हो गए। नासिक पुलिस ने कहा कि दुर्घटना सुबह करीब पांच बजे नासिक के पास औरंगाबाद रोड पर हुई। नासिक पुलिस ने बताया कि शव और घायल लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नासिक में हुई बस-ट्रक की टक्कर की घटना में घायल हुए लोगो से मुलाकात की। महाराष्ट्र सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये देने का ऐलान किया है। केंद्र सरकार ने मृतक के परिजनों को PMNRF से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
ये दुर्घटना औरंगाबाद रोड पर नासिक के नांदूर नाका मिरची होटल के पास अहले सुबह 5:15 बजे के करीब हुई है| एक ट्रक से टकराने के बाद बस में आग लग गई। ये बस यवतमाल से मुंबई जा रही थी, जबकि कंटेनर ट्रक नासिक से पुणे जा रहा था| हादसे का वीडियो भी सामने आया| वीडियो में साफ दिख रहा है कि यात्री बस आग का गोला बन गई है और धू-धू कर जल रही है|
नासिक बस दुर्घटना पर पुलिस आयुक्त जयंत नाईकनवरे बताया कि ,''आज सुबह 5:15 के करीब एक बस और ट्रक के बीच टक्कर हो गई। टक्कर के कारण आग लग गई और उस आग में अभी तक 11 लोगों की मृत्यु हो गई है। घायलों का इलाज चल रहा है|
शिंदे ने की पांच-पांच लाख रुपये मुआवजे की घोषणा
नासिक दुर्घटना पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा,''जो हादसा हुआ वो बहुत बड़ा और दुखद है। सुबह से ही ज़िला प्रशासन के साथ मेरा संपर्क था। इस घटना में 12 लोगों की मृत्यु हुई है और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज अच्छी तरह से हो रहा है| मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को 2 लाख रुपए देने का निर्णय सरकार ने लिया है। नासिक में जितने भी ऐसे स्थान हैं जहां बार-बार हादसे होते हैं, उसका कुछ उपाय करने के लिए मैंने निर्देश दिया है|
एकनाथ शिंदे ने कहा,''नासिक में हुई दुर्घटना बहुत ही दुखद है। इसमें 12 लोगों की मृत्यु हुई है और कई लोग घायल हैं। मृतकों के परिजनों को शासन ने 5 लाख रुपए की मदद की घोषणा की है। सभी घायलों के उपचार का पूरा खर्चा शासन करेगा|
राष्ट्रपति ने नासिक में हुई बस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज सुबह महाराष्ट्र के नासिक में बस-ट्रक की टक्कर में 12 लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट किया,'' नासिक में बस में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु होने के समाचार से मुझे बहुत दुःख हुआ है। इस दुर्घटना में, अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं गहन शोक-संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
पीएम मोदी ने भी जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र के नासिक में हुई एक दुखद बस दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। पीएम ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से बस दुर्घटना के प्रत्येक प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और प्रत्येक घायल व्यक्ति को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की है।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया;
"नासिक में हुई बस दुर्घटना से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खो दिया है। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएँ। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है: पीएम नरेन्द्र मोदी"
"नासिक में बस में आग लगने की दुर्घटना के प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे: पीएम नरेन्द्र मोदी "