झारखंड के पाकुड़ जिले में बड़ा सड़क हादसा हो गया। बुधवार सुबह पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा में बस और टैंकर की टक्कर में 16 लोगों की मौत हो गई| पाकुड़ जिले में साहिबगंज से दुमका जा रही बस लिट्टीपाड़ा-अमड़ापाड़ा रोड पर पडेरकोला के पास गैस सिलेंडरों से लदे ट्रक से टकरा गई। बस में 40 से ज्यादा लोगों के सवार होने की जानकारी मिली है। इसमें करीब 20 लोग घायल हैं। आरंभिक सूचना के मुताबिक इस हादसे में 16 लोगों की मौत हुई है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती। 20 घायलों में से कुछ की हालत गंभीर है।
दुर्घटना अमरापाड़ा थाना इलाके के पड़ेर कोला गांव के पास घटी है। बताया जा रहा है कि कृष्णा रजत बस और एलपीजी सिलेंडर से भरे ट्रक में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई| टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ही गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। कई लोग बस के बाहर आकर गिर गए। बस में बैठे लोग कई लोग अंदर ही फंस गए। बस की बॉडी काटकर लोगों को बाहर निकाला जा रहा है।
बताया जा रहा है कि बस का ड्राइवर अब तक जिंदा है। वह बस में ही फंसा हुआ है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना में मरने वाले लोगो की संख्या बढ़ने की आशंका है। हताहत यात्रियों का अभी विवरण नहीं मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना में पीड़ितों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पाकुड़ पुलिस के मुताबिक अमड़ापाड़ा में आज सुबह बस और टैंकर की टक्कर में 15 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। पाकुड़ एसपी एचपी जनार्दन ने कहा है कि अब तक 15 शव बरामद किए जा चुके हैं। बस के अंदर से लोगों को निकालने का काम अब तक जारी है।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पाकुड़ से लिट्टीपाड़ा-आमड़ापाड़ा सड़क दुर्घटना की हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिवारों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे। जिला प्रशासन को घायलों को समुचित इलाज प्रदान करने हेतु उचित निर्देश दिए गए हैं।