पटना:बिहार के पटना के जेठूली गांव में पार्किंग विवाद को लेकर दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद भीड़ ने इमारतों में आग लगा दी। कई गाड़ियां जलकर राख हो गई | हिंसक झड़प में 2 लोगों की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हो गए| बवाल के बीच पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी उमेश राय को हिरासत में ले लिया है।
बताया जा रहा है कि गाड़ी हटाने को लेकर मामूली विवाद हुआ था, जिसके बाद एक गुट ने पहले गाली-गलौज की। फिर कुछ लोग जुटे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में गौतम कुमार (30) और रोशन राय (15) की मौत हो गई।
घटना के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर और मैरिज हॉल में आग लगा दी। पुलिस ने घर में फंसी महिलाओं-बच्चों को रेस्क्यू किया। फिलहाल अभी तक, पुलिस ने गौतम कुमार की मौत की पुष्टि की है।
गौतम कुमार (मृतक) के परिजनों के मुताबिक,'' रास्ते में आरोपी पक्ष (उमेश राय, रमेश राय, सतीश राय, बच्चा राय ) के लोगों की गाड़ी से गिट्टी उतारी जा रही थी। गाड़ी हटाने को कहा गया तो लोगों ने झगड़ा शुरू कर दिया। आरोपी पक्ष के लोगों ने जमकर गोलीबारी की। फायरिंग में गौतम कुमार और रोशन राय की मौत हो गई।
SSP पटना ने कहा कि, “1 व्यक्ति की मृत्यु हो गई और 3 लोग घायल हुए हैं। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। स्थिति नियंत्रण में है, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है|