पटना: देश में पेट्रोल-डीजल के दाम बेलगाम तेजी से लगातार बढ़ रहे हैं| मंगलवार यानी 16 फरवरी, 2021 को पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार आठवें दिन वृद्धि दर्ज हुई है| पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ने पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ' दाम कम हों तो सबको अच्छा लगेगा|
पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ने के सवाल पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा,''यह सही है कि पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ रहे हैं। दाम कम हों तो सबको अच्छा लगेगा|
साथ ही नीतीश कुमार ने लोगों को इलेक्ट्रिक वाहन इस्तेमाल करने की सलाह भी दी और यह भी कहा कि मैं तो खुद इलेक्ट्रिक वाला वाहन प्रयोग करता हूं। यह वाहन पर्यावरण के लिए भी बेहतर है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल वाले वाहनों का असर तो सीधे तौर पर कम हो या अधिक पर्यावरण पर होता ही है।
बता दें कि देश के कई हिस्सों में पेट्रोल और डीजल के दाम 100 रुपये से भी ज्यादा हैं। लगातार आठवें दिन भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि हुई है। रोजाना बढ़ती तेल की कीमतें नए-नए रिकॉर्ड तोड़ रही है। आज डीजल की कीमत में 35 से 38 पैसे तक की बढ़ोतरी हुई है, तो वहीं पेट्रोल की कीमत 29 से 30 पैसे तक बढ़ी है।मुंबई में जहां पेट्रोल 95 रुपए के ऊपर चल रहा है, वहीं दिल्ली में पेट्रोल 90 का आंकड़ा छूने वाले हैं|
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने मंगलवार को जहां पेट्रोल के दामों में में देशभर में 26-30 पैसे की बढ़ोतरी की है, वहीं डीजल के दामों में 33-38 पैसों की वृद्धि की गई है|दिल्ली में पेट्रोल के दाम 30 पैसे बढ़कर 89.29 रुपये / लीटर और डीजल के दाम 35 पैसे बढ़कर 79.70 रुपये / लीटर हैं। दिल्ली और मुंबई में पेट्रोल की कीमत अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है।
दिल्ली और मुंबई में पेट्रोल की कीमत अपने सर्वोच्च स्तर पर है। दिल्ली में पेट्रोल का दाम 89.29 रुपये जबकि मुंबई में 95.75 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है। वहीं, दिल्ली में डीजल 79.70 रुपये तो मुंबई में 86.72 रुपये में मिलेगा। मुंबई में डीजल के दाम अपने उच्चतम स्तर पर है। आठ दिनों के दौरान पेट्रोल के दाम में 2.44 रुपये प्रति लीटर जबकि डीजल में 2.57 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई।
पटना में लगभग 30 हजार ऑटो ने अपने किराए में 20 से 30 फीसदी की बढ़ोतरी कर ली है। जिसकी वजह से अब लोगों को मौजूदा किराए में दो से तीन रुपये ज्यादा देने पड़ रहे हैं। इसी बीच महंगाई से परेशान जनता ने सरकार से पेट्रोल और डीजल की कीमतों को कम और नियंत्रित करने की मांग की है।