पटना: दिल्ली जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट इंजन में आग लगने के बाद पटना एयरपोर्ट लौटी| रविवार को पटना से दिल्ली जा रही स्पाइस जेट की विमान के एक विंग में आग लगने के बाद पटना एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई| विमान के सभी यात्री सुरक्षित हैं| स्पाइस जेट की फ्लाइट में 185 यात्री सवार थे।
पक्षी के टकराने के कारण स्पाइस जेट की फ्लाइट SG-725 के इंजन में आग लग गई। आग लगने के बाद पटना एयरपोर्ट पर फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई है। पटना के बिहटा एयरफोर्स स्टेशन पर इमरजैंसी लैंडिंग करने से पहले ये लगभग 10-15 मिनट तक हवा में रहा।
पटना के SSP मानवजीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि,''स्पाइसजेट की एक फ्लाइट दिल्ली जा रही थी। उड़ान भरते ही एयरपोर्ट प्राधिकरण ने ध्यान दिया कि उसके एक विंग में आग लगी है। प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग सफलतापुर्वक हो गई है। अभी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अन्य प्रोटोकॉल को पूरा किया जा रहा है|
पटना के डीएम चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि,''स्थानीय लोगों ने पहले विमान में आग लगता हुआ देखा जिसके बाद जिला और हवाईअड्डा अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद दिल्ली जाने वाली उड़ान पटना हवाई अड्डे पर वापस लैंड कराई गई है। सभी 185 यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया।वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है|