पटना/नई दिल्ली: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को एकबार फिर दोहराया कि उन्हें कुछ नहीं बनना। उन्होंने कहा कि हमलोग सबको एकजुट कर रहे हैं। मुंबई में INDIA गठबंधन की अगली बैठक से पहले 'संयोजक की भूमिका स्वीकार करेंगे' के सवाल पर बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने 28 अगस्त को कहा कि,'मैं कुछ भी नहीं बनना चाहता, ये बात मैं आपको बार-बार कहता आया हूं। मेरी ऐसी कोई इच्छा नहीं है। मैं बस सभी को एकजुट करना चाहता हूं|
JD(U) नेता केसी त्यागी ने कहा कि,''नीतीश जी, राहुल गांधी, ममता बनर्जी और शरद पवार सभी में पीएम बनने की क्षमता है। हमारे (जेडीयू) लिए पीएम पद महत्वपूर्ण नहीं है लेकिन नीतीश कुमार में पीएम/संयोजक पद के लिए जरूरी सभी क्षमताएं हैं। हमारे लिए विपक्षी एकता और 2024 का चुनाव महत्वपूर्ण है। हम न तो पीएम पद के दावेदार हैं और न ही संयोजक पद के हैं...|
मुंबई में INDIA गठबंधन की तीसरी बैठक से पहले महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने बताया, "INDIA गठबंधन की बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और खरगे जी तीनों आने वाले हैं। MVA(महा विकास अघाड़ी) की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है। यहां 31 अगस्त को INDIA गठबंधन का लोगो भी घोषित किया जाएगा।”